सहारनपुर में दिल्ली–देहरादून हाईवे पर भड़काऊ और विवादित शब्द लिखने के मामले में गिरफ्तार दो युवतियों और एक युवक को कोर्ट से जमानत मिल गई. अदालत से शुक्रवार को राहत मिलने के बाद देर रात तीनों आरोपियों को जिला जेल से रिहा कर दिया गया.
जेल से बाहर आते ही हिंदू रक्षा दल से जुड़े कार्यकर्ताओं ने उनका फूल-मालाओं से स्वागत किया. इस दौरान समर्थकों ने नारेबाजी भी की, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. यह मामला थाना बिहारीगढ़ क्षेत्र का है. कुछ दिन पहले दिल्ली–देहरादून हाईवे के किनारे लिखा था- यह सड़क मुसलमानों के लिए नहीं है. जिसका वीडियो भी वायरल किया गया था.
यह भी पढ़ें: सहारनपुर: 'यह सड़क मुसलमानों के लिए नहीं है', हाइवे पर नफरती स्लोगन लिखने वाली महिलाएं गिरफ्तार
जमानत मिलने के बाद देर रात रिहा हुए तीनों
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और सड़क पर लिखे गए शब्दों को हटवा दिया गया. इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका के तहत दो युवतियों और एक युवक को गिरफ्तार कर लिया था.
पुलिस ने तीनों आरोपियों को एसडीएम कोर्ट में पेश किया था, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया था. मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने तीनों को जमानत दे दी. जमानत आदेश मिलने के बाद देर रात उन्हें जिला जेल से रिहा कर दिया गया. जब तीनों जेल से रिहा हुए तो उनके समर्थक एकत्रित हो गए. इसके अलावा हिंदू रक्षा दल से जुड़े कार्यकर्ता भी पहुंच गए और तीनों का स्वागत किया. इस दौरान नारेबाजी भी की गई है.
राहुल कुमार