जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कुंडा से बाहुबली विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ 'राजा भैया' ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि वे सिर्फ राजनीति के ही मंझे हुए खिलाड़ी नहीं हैं, बल्कि खेल के मैदान पर भी उनका निशाना बेहद अचूक है. नई दिल्ली के ऐतिहासिक डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में आयोजित 49वीं यूपी स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप-2026 में राजा भैया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक (तीसरा स्थान) अपने नाम किया है.
राष्ट्रीय रायफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) के आजीवन सदस्य रघुराज प्रताप सिंह ने चैंपियनशिप की एस-25 क्ले पिजन ट्रैप शूटिंग (एनआर) पुरुष व्यक्तिगत स्पर्धा में हिस्सा लिया था. कड़े मुकाबले के बीच राजा भैया ने अपनी एकाग्रता और उत्कृष्ट तकनीक का प्रदर्शन करते हुए 25 का बेहतरीन स्कोर बनाया और तीसरा स्थान हासिल कर कांस्य पदक पर कब्जा जमाया.
समर्थकों ने इसे प्रतापगढ़ और कुंडा के लिए एक गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है. उनकी इस खेल उपलब्धि की जानकारी मिलते ही उनके गृह जनपद प्रतापगढ़ और विधानसभा क्षेत्र कुंडा में समर्थकों और स्थानीय लोगों ने मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया है. देखें VIDEO:-
पिता उदय प्रताप सिंह से विरासत में मिली निशानेबाजी
राजा भैया की निशानेबाजी के प्रति यह रुचि नई नहीं है. उन्होंने एक बार बताया था कि उन्हें शूटिंग की प्रेरणा अपने पिता राजा उदय प्रताप सिंह से मिली है. उनके पिता अपने समय के बेहद उत्कृष्ट शूटर रहे हैं और उन्हीं को देखकर राजा भैया के भीतर हथियारों और निशानेबाजी के प्रति दिलचस्पी पैदा हुई.
इससे पहले भी वे कई प्रतिष्ठित शूटिंग इवेंट्स में मेडल जीतकर जिले का नाम रोशन कर चुके हैं. इस ताजा पदक जीत के बाद जनसत्ता दल के कार्यकर्ताओं और खेल प्रेमियों द्वारा सोशल मीडिया पर राजा भैया के शूटिंग करते हुए वीडियो और तस्वीरें तेजी से शेयर की जा रही हैं. देखें VIDEO:-
राजा भैया राजनीति की व्यस्त दिनचर्या के बावजूद समय-समय पर अपने इस शौक के लिए वक्त निकालते हैं और तमाम राज्य व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेते रहते हैं.
aajtak.in