दारोगा को अपना पति मानती हूं... पानी की टंकी पर चढ़ी महिला का हाई वोल्टेज ड्रामा

प्रयागराज में गुरुवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब 45 वर्षीय महिला रेलवे विद्युतीकरण कार्यालय परिसर की पानी की ऊंची टंकी पर चढ़ गई. महिला ने सराय ममरेज थाने में तैनात दारोगा संजय यादव को मौके पर बुलाने की मांग की और कई आरोप लगाए. करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया.

Advertisement
दो घंटे बाद सुरक्षित नीचे उतरी महिला.(Photo: Pankaj Srivastava/ITG) दो घंटे बाद सुरक्षित नीचे उतरी महिला.(Photo: Pankaj Srivastava/ITG)

पंकज श्रीवास्तव

  • प्रयागराज,
  • 21 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 10:01 PM IST

संगम नगरी प्रयागराज के नवाब यूसुफ रोड स्थित रेलवे विद्युतीकरण कार्यालय परिसर में गुरुवार शाम करीब चार बजे एक महिला पानी की टंकी पर चढ़ गई. महिला के टंकी पर चढ़ने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई. सूचना मिलने पर सिविल लाइंस पुलिस, RPF और प्रशासनिक अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए.

रेलवे परिसर में घटना होने के कारण सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई. ACP सिविल लाइंस विद्युत गोयल और चौकी प्रभारी नगर निगम दिग्विजय सिंह ने महिला को समझाने की कोशिश शुरू की. पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार उससे बातचीत करते रहे, लेकिन महिला नीचे उतरने को तैयार नहीं थी.

Advertisement

यह भी पढ़ें: प्रयागराज में उफान पर गंगा-यमुना, रोड तक पहुंचा पानी, प्रशासन अलर्ट पर

महिला की मुख्य मांग थी कि सराय ममरेज थाने में तैनात दारोगा संजय यादव को मौके पर बुलाया जाए. महिला ने पुलिस के सामने दारोगा पर कई गंभीर आरोप लगाए. उसने दावा किया कि वर्ष 2025 में उसने मुठ्ठीगंज थाने में संजय यादव के खिलाफ शादी का झांसा देकर संबंध बनाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था. महिला के मुताबिक, इस मामले में पुलिस चार्जशीट भी दाखिल कर चुकी है.

दारोगा को अपना पति मानने का दावा

महिला ने आरोप लगाया कि मई 2025 से उसके कमरे की बिजली कटवा दी गई है. उसका कहना था कि दारोगा संजय यादव उसके क्लीनिक पर गए थे और उसे अपनाया था. महिला ने मांग रखी कि दारोगा उसे दोबारा अपने साथ रखें और उसके रहने-खाने की व्यवस्था करें.

Advertisement

महिला का यह भी कहना था कि उसे समाज में सम्मान वापस दिलाया जाए. उसने बताया कि वह वर्ष 2014 से अपने पति से अलग रह रही है और अब संजय यादव को ही अपना पति मानकर आगे की जिंदगी बिताना चाहती है. अपनी मांगें पूरी नहीं होने पर महिला ने अनुचित कदम उठाने की धमकी भी दी.

महिला के टंकी पर चढ़ने के बाद पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती उसे सुरक्षित नीचे उतारने की थी. मौके पर मौजूद अधिकारियों और महिला पुलिसकर्मियों ने लगातार बातचीत कर उसे समझाने का प्रयास किया. करीब दो घंटे तक चले इस घटनाक्रम के दौरान इलाके में तमाशबीनों की भीड़ लगी रही.

दो घंटे बाद सुरक्षित नीचे उतरी महिला

लगातार बातचीत और समझाने के बाद महिला आखिरकार पानी की टंकी से सुरक्षित नीचे उतर आई. पुलिस ने तत्काल उसे अपनी निगरानी में लिया. इसके बाद महिला को काउंसलिंग के लिए सिविल लाइंस थाने ले जाया गया, जहां उसके आरोपों और पूरे घटनाक्रम के बारे में जानकारी ली गई.

पुलिस के मुताबिक, महिला फिलहाल सुरक्षित है. मामले में पहले से दर्ज मुकदमे और महिला की ओर से लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि विवाद की मौजूदा स्थिति क्या है और महिला की शिकायत से जुड़े मामलों में अब तक क्या कानूनी कार्रवाई हुई है.

Advertisement

फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुटी है. महिला को काउंसलिंग के लिए सिविल लाइंस थाने ले जाया गया है. वहीं, दरोगा के खिलाफ पहले दर्ज मुकदमे और महिला के नए आरोपों को लेकर पुलिस की आगे की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »