संगम नगरी प्रयागराज के सिविल लाइन्स क्षेत्र में स्थित बिट्ठल होटल में सोमवार को भीषण आग लग गई. आग इतनी भयंकर है कि होटल से ऊंची-ऊंची लपटें और घने धुएं का गुबार उठता दिख रहा है. सूचना मिलते ही सिविल लाइन्स थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई. फायर टेंडर की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन अभी तक आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका है. इस घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है.
मौके पर मौजूद फायर अधिकारियों ने बताया कि सिविल लाइन्स स्थित बिट्ठल होटल में आग लगने की सूचना मिली थी. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गई है जो होटल में लगी आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही हैं.
मुख्य अग्निशमन अधिकारी चंद्र मोहन शर्मा खुद पूरी टीम के साथ मौके पर मौजूद हैं. पुलिस और फायर ब्रिगेड के जवान सीढ़ियों और अन्य उपकरणों के सहारे होटल के कमरों के अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने में जुटे हैं. हालांकि, आधिकारिक तौर पर आग लगने के सही कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है.
यहां देखें वीडियो
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि होटल के पास लगे ट्रांसफार्मर में अचानक एक बड़ा धमाका हुआ और उसकी चिंगारी ने देखते ही देखते पूरे बिट्ठल होटल को अपनी चपेट में ले लिया. होटल की खिड़कियों से आग की ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार आसमान की तरफ उठता दिखाई दे रहा है, जिससे आस-पास के इलाके में पूरी तरह अफरा-तफरी मच गई है.
प्रयागराज के होटल में आग लगने की घटना से संबंधित मुख्यमंत्री ने लिया संज्ञान लिया है. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचने के दिए निर्देश मुख्यमंत्री ने अधिकारियों राहत कार्य में तेजी लाने के दिए निर्देश होटल के अंदर फंसे लोगों को भी रेस्क्यू किया जा रहा है. मौके पर सीएफओ चंद्र मोहन शर्मा भी मौजूद हैं.
पंकज श्रीवास्तव