जहरीला सांप और प्रेमी का प्यार...लव मैरिज के बाद भी पति की कातिल बनी मेरठ की दामिनी

छह साल पहले जिस युवक से प्रेम विवाह किया, उसी पति की मौत की कहानी पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ लिख डाली. मेरठ में पहले पति को दूध में नींद की गोलियां दी गईं, फिर जहरीले सांप से डंसवाकर मौत को हादसा दिखाने की कोशिश हुई. लेकिन पुलिस की जांच ने पूरा राज खोल दिया. जांच में प्रेम प्रसंग, 20 लाख रुपये का बीमा और सुनियोजित साजिश का सनसनीखेज खुलासा हुआ है.

Advertisement
पुलिस ने दामिनी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है (Photo: ITG) पुलिस ने दामिनी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है (Photo: ITG)

उस्मान चौधरी

  • मेरठ ,
  • 18 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 9:50 AM IST

कभी दोनों ने परिवार की मर्जी के खिलाफ जाकर लव मैरिज की थी. छह साल तक साथ रहे, स्कूल चलाया और नई जिंदगी बसाई. लेकिन वक्त के साथ रिश्ते में ऐसी दरार आई कि पत्नी का दिल स्कूल के ड्राइवर पर आ गया. इसके बाद जो साजिश रची गई, उसने पुलिस को भी हैरान कर दिया. पति को रास्ते से हटाने के लिए न गोली चली, न चाकू चला और न ही फांसी का फंदा इस्तेमाल हुआ. आरोप है कि हत्या के लिए चुना गया एक जहरीला सांप. पहले दूध में नींद की गोलियां मिलाई गईं, फिर सांप को कमरे में छोड़ा गया और सुबह इसे सांप के काटने से हुई सामान्य मौत साबित करने की कोशिश की गई. लेकिन एक छोटी सी बात ने पूरी कहानी पलट दी. 

Advertisement

मेरठ के हस्तिनापुर थाना क्षेत्र में सामने आया यह मामला अब सोशल मीडिया पर का विषय बना हुआ है.पुलिस ने इसे प्रेम प्रसंग, बीमा की रकम और सुनियोजित हत्या की साजिश का मामला बताते हुए पत्नी, उसके प्रेमी और दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक हस्तिनापुर के ग्राम भंडोरा निवासी 35 वर्षीय अतुल पंवार अपनी पत्नी दामिनी के साथ रामलीला मैदान स्थित कृष्णा किड्स पब्लिक स्कूल का संचालन करते थे. दोनों ने वर्ष 2019 में प्रेम विवाह किया था. परिवार के विरोध के बावजूद दोनों ने साथ रहने का फैसला किया था और पिछले छह वर्षों से एक साथ जिंदगी बिता रहे थे. इसी दौरान स्कूल में ड्राइवर के तौर पर काम करने वाले तुषार उर्फ निक्की का आना-जाना बढ़ा. जांच में सामने आया कि दामिनी और तुषार के बीच नजदीकियां बढ़ गईं और दोनों लगातार संपर्क में रहने लगे.पुलिस का दावा है कि इसी रिश्ते ने अतुल की हत्या की नींव रखी. 

Advertisement

शुक्रवार सुबह आई मौत की खबर

शुक्रवार सुबह दामिनी अपने पति अतुल को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हस्तिनापुर पहुंची. उसने बताया कि रात में पति को सांप ने काट लिया था. डॉक्टरों ने जांच के बाद अतुल को मृत घोषित कर दिया. जब पुलिस मौके पर पहुंची तो बिस्तर के अंदर एक सांप भी मिला. पहली नजर में मामला सांप के डसने से मौत का लग रहा था, लेकिन घटनास्थल की परिस्थितियां पुलिस को सामान्य नहीं लगीं. यहीं से जांच की दिशा बदल गई. 

सांप का व्यवहार देख पुलिस को हुआ शक

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आमतौर पर सांप इंसानों से बचने की कोशिश करता है. जिस तरह से सांप बिस्तर के भीतर मिला और पूरी घटना बताई जा रही थी, उसमें कई बातें मेल नहीं खा रही थीं. इसी संदेह के आधार पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और तकनीकी जांच शुरू कर दी गई.पुलिस ने दामिनी के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल शुरू की. 

मोबाइल की कॉल डिटेल ने खोल दिया पूरा राज

जांच में सामने आया कि दामिनी की स्कूल के ड्राइवर तुषार उर्फ निक्की से लगातार बातचीत होती थी. दोनों के बीच लगातार संपर्क मिलने पर पुलिस ने तुषार से पूछताछ की. पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान तुषार टूट गया और उसने पूरी साजिश का खुलासा कर दिया. उसने बताया कि उसका दामिनी से प्रेम संबंध था और दोनों ने मिलकर अतुल को रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी. इस योजना में सोनू और उदय नाम के दो अन्य लोगों को भी शामिल किया गया. 

Advertisement

दूध में मिलाई गई नींद की गोलियां

पुलिस के अनुसार हत्या की योजना बेहद सोच-समझकर बनाई गई थी. गुरुवार रात अतुल को दूध में अधिक मात्रा में नींद की गोलियां मिलाकर दी गईं ताकि वह गहरी नींद में चला जाए और कोई विरोध न कर सके. जब अतुल बेहोशी जैसी अवस्था में पहुंच गया तो आरोपियों ने जहरीले सांप को कमरे में लाकर उसके कंबल के अंदर छोड़ दिया.आरोप है कि सांप ने अतुल को डस लिया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई.इसके बाद पूरी घटना को प्राकृतिक हादसा दिखाने की कोशिश की गई.पुलिस जांच में एक और अहम तथ्य सामने आया.अतुल के नाम करीब 20 लाख रुपये का जीवन बीमा था.पुलिस का कहना है कि योजना यह थी कि अतुल की मौत के बाद बीमा की राशि मिलेगी.उसी रकम में से साजिश में शामिल सोनू और उदय को पांच लाख रुपये देने का वादा किया गया था.इसके बाद दामिनी और तुषार नई जिंदगी शुरू करने की तैयारी में थे.पुलिस के मुताबिक तुषार अपनी पत्नी को तलाक देने की भी योजना बना रहा था. 

पहली कोशिश भी हो चुकी थी नाकाम

जांच में यह भी सामने आया कि यह हत्या की पहली कोशिश नहीं थी.करीब 20 दिन पहले तुषार ने अतुल को अर्टिगा कार से टक्कर मारकर मारने की कोशिश की थी.लेकिन उस समय अतुल हेलमेट लगाए हुए था, जिससे उसकी जान बच गई.जब अतुल ने घर जाकर इस घटना की शिकायत पुलिस में करने की बात कही तो दामिनी ने कथित तौर पर उसे यह कहकर रोक दिया कि गाड़ी का नंबर नहीं पता है, इसलिए शिकायत करने का कोई फायदा नहीं होगा.पुलिस का मानना है कि पहली योजना असफल होने के बाद दूसरी और ज्यादा खतरनाक साजिश तैयार की गई. 

Advertisement

मोबाइल में मिली सांप की फोटो 

तकनीकी जांच के दौरान पुलिस को तुषार के मोबाइल फोन से एक ऐसा फोटो मिला जिसने जांच को निर्णायक मोड़ दे दिया.मोबाइल में एक डिब्बे में बंद सांप की तस्वीर मिली.पूछताछ में तुषार ने बताया कि उसने दो सपेरों से यह जहरीला सांप खरीदा था.पुलिस ने बरामद सांप को भी परीक्षण के लिए भेज दिया है.साथ ही मोबाइल फोन, डिजिटल साक्ष्य और अन्य तकनीकी सामग्री को फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) भेजा जा रहा है.मेरठ के एसएसपी अविनाश पांडे ने बताया कि सूचना मिली थी कि अतुल पंवार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई है और उसके बिस्तर से सांप मिला है. उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच में ही घटनास्थल की परिस्थितियां सामान्य नहीं लगीं.सांप के व्यवहार और पूरे घटनाक्रम में कई ऐसी बातें थीं जो मेल नहीं खा रही थीं.इसके बाद सर्विलांस और कॉल डिटेल की जांच की गई.जांच में दामिनी और स्कूल ड्राइवर तुषार के बीच प्रेम संबंध सामने आए.तुषार के मोबाइल से डिब्बे में बंद सांप की तस्वीर मिली.पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने सपेरों से सांप खरीदा था.एसएसपी के मुताबिक जांच में यह भी सामने आया कि अतुल के नाम करीब 20 लाख रुपये का बीमा था.आरोपियों ने इसी रकम और प्रेम संबंध के चलते हत्या की साजिश रची.पहले सड़क हादसे के जरिए हत्या की कोशिश हुई, लेकिन असफल रहने पर सांप का इस्तेमाल किया गया.उन्होंने बताया कि पुलिस ने कुछ ही घंटों में तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पूरे मामले का सफल खुलासा कर दिया.बरामद सांप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की वैज्ञानिक जांच कराई जा रही है तथा आगे की विधिक कार्रवाई जारी है. 

Advertisement

चंद घंटों में खुल गया 'सांप वाली मौत' का राज

पुलिस का कहना है कि यदि घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण न किया जाता और तकनीकी साक्ष्यों पर ध्यान न दिया जाता, तो यह मामला सामान्य तौर पर सांप के काटने से हुई मौत मानकर बंद भी हो सकता था.लेकिन मोबाइल कॉल डिटेल, डिजिटल सबूत, आरोपियों से पूछताछ और घटनास्थल के वैज्ञानिक विश्लेषण ने पूरे कथित षड्यंत्र की परत-दर-परत पोल खोल दी.अब इस सनसनीखेज मामले में पुलिस सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या और आपराधिक साजिश समेत संबंधित धाराओं में आगे की कार्रवाई कर रही है. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »