ग्रेटर नोएडा के सेक्टर डेल्टा-1 स्थित बी ब्लॉक के पार्क से दर्दनाक घटना सामने आई. अपने पालतू कुत्ते को टहला रही महिला पर दूसरे व्यक्ति के पिटबुल ने अचानक से हमला कर दिया. हमले के दौरान पिटबुल ने महिला का बायां हाथ अपने जबड़े में जकड़ कर लिया. करीब 10 से 15 मिनट तक महिला दर्द से चीखती रही और आसपास मौजूद लोग उसे बचाने की कोशिश करते रहे. काफी मशक्कत के बाद किसी तरह महिला को पिटबुल के चुंगल से छुड़ाया गया. इस हादसे में महिला के हाथ में करीब 12 टांके आए हैं.
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. सेक्टर के निवासियों ने इस हादसे के बाद चिंता जताई है। सेक्टर में रहने वाले लोगों का कहना है कि पार्क में छोटे बच्चे महिलाएं बड़े बुजुर्ग भी टहलने आते है. अगर ऐसे में कोई व्यक्ति पिटबुल जैसी खतरनाक नस्ल के कुत्ते को पार्क में टहलने लाता है तो यह ठीक नहीं है.
सेक्टर के आरडब्ल्यूए अध्यक्ष प्रमोद भाटी के अनुसार महिला अपने पालतू कुत्ते को लेकर पार्क में टहल रही थी. उसी समय एक अन्य निवासी अपने पिटबुल को लेकर वहां पहुंचा. दोनों कुत्ते आमने-सामने आ गए जिससे वह आक्रामक हो गए. महिला ने बीच बचाव कर कुत्तों को अलग करने की कोशिश की लेकिन पिटबुल ने अचानक उन पर हमला कर दिया और उनका हाथ जबड़े में दबोच लिया. उन्होंने बताया कि महिला को बचाने में पार्क में टहल रहे अन्य लोग भी मौके पर आ गए. करीब 10 से 15 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद पिटबुल ने महिला का हाथ छोड़ा. घटना के बाद पार्क में अफरा तफरी मच गई.
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष प्रमोद भाटी ने बताया कि घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया दूसरे पक्ष ने इलाज में सहयोग करने की बात कही है. इसलिए फिलहाल किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई की मांग नहीं की गई है. घटना के बाद सेक्टर के सभी पार्कों में कुत्ते के प्रवेश पर रोक लगाने का फैसला लिया गया है. साथ ही बिना मंजल के कुत्तों को सार्वजनिक स्थान पर घूमने वालों पर 1000 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा. नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है.
अरुण त्यागी