उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का दौरा कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 28 मार्च को होने वाले उद्घाटन कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की. अधिकारियों के अनुसार, मुख्यमंत्री ने मौके पर पहुंचकर सभी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और जरूरी निर्देश दिए.
सीएम योगी ने प्रधानमंत्री के दौरे के तय रास्ते का भी निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने यात्री टर्मिनल, कार्गो टर्मिनल, कार्यक्रम स्थल, पार्किंग व्यवस्था, आने-जाने के रास्ते और हेलिपैड जैसे प्रमुख स्थानों का जायजा लिया. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर व्यवस्था सुचारू रूप से पूरी की जाए.
बताया गया है कि 28 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एयरपोर्ट और उसके कार्गो टर्मिनल का उद्घाटन करेंगे. इसके साथ ही मेंटेनेंस, रिपेयर और ऑपरेशन (एमआरओ) सुविधा की आधारशिला भी रखी जाएगी.
निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने एयरपोर्ट के सभागार में जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की. इस बैठक में उद्घाटन समारोह की तैयारियों, कार्यक्रम के संचालन, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई.
CM ने तैयारियों का लिया जायजा
सीएम योगी ने कहा कि कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, विशिष्ट अतिथियों, मीडिया और बड़ी संख्या में लोगों के आने की उम्मीद है, इसलिए सभी तैयारियां पूरी सावधानी और बेहतर योजना के साथ की जाएं. उन्होंने आयोजन को भव्य और विश्व स्तर का बनाने के लिए प्रचार-प्रसार बढ़ाने के भी निर्देश दिए.
मुख्यमंत्री ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि सभी जरूरी सुविधाएं समय से पहले पूरी हो जाएं. इनमें साफ-सफाई, बिजली की निरंतर आपूर्ति, पीने का पानी, शौचालय, सुरक्षा, ट्रैफिक व्यवस्था, परिवहन, अग्नि सुरक्षा, चिकित्सा सुविधा और दिशा-निर्देश बोर्ड शामिल हैं.
नोएडा पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है. आंतरिक और बाहरी सुरक्षा के साथ-साथ यातायात को सुचारु बनाने के उद्देश्य से एयरपोर्ट के आसपास 5 नई अस्थायी पुलिस चौकियां स्थापित की गई हैं. इसके अतिरिक्त, सुरक्षा और सुगम यातायात के लिए 7 अतिरिक्त पीसीआर/पीआरवी वाहन भी तैनात किए गए हैं.
इन 5 नई अस्थायी पुलिस चौकियों में माइल स्टोन-32 कि.मी., कार्गो टर्मिनल और डोमेस्टिक टर्मिनल की चौकियां नवसृजित थाना 'जेवर डोमेस्टिक टर्मिनल पुलिस स्टेशन' के अंतर्गत आंतरिक सुरक्षा के लिए संचालित की जा रही हैं. वहीं, बाहरी सुरक्षा को सुदृढ़ करने के लिए थाना रबूपुरा के अंतर्गत माइल स्टोन-27 कि.मी. और थाना दनकौर के अंतर्गत माइल स्टोन-15 कि.मी. पर चौकियां स्थापित की गई हैं.
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट जैसे संवेदनशील क्षेत्र में सुरक्षा के लिए कुल 7 अतिरिक्त पीआरवी/पीसीआर वाहन उपलब्ध कराए गए हैं. इनमें से एक पीसीआर वाहन यमुना एक्सप्रेस-वे पर जेवर टोल से फलैदा कट तक गश्त करेगा, जबकि दूसरा पीसीआर वाहन एयरपोर्ट के मुख्य पहुंच मार्ग पर तैनात रहेगा.
दो पीआरवी वाहन एयरपोर्ट के बाहरी क्षेत्रों में सुरक्षा प्रदान करेंगे, जिनमें स्कार्पियो इंटरचेंज से थोरा तक और नगला हुकम सिंह से बंकापुर खुर्जा रोड तक के मार्ग शामिल हैं. शेष तीन पीआरवी वाहन 'जेवर डोमेस्टिक टर्मिनल पुलिस स्टेशन' के क्षेत्राधिकार में गश्त करेंगे. सभी पीआरवी वाहन अत्याधुनिक सुरक्षा उपकरणों से सुसज्जित हैं.
एजेंसी से इनपुट सहित
अरुण त्यागी / मंजीत नेगी