नोएडा: कई सोसाइटियों में दूसरे दिन भी नहीं पहुंचीं मेड्स, सैलरी बढ़ाने को लेकर चल रहा है प्रोटेस्ट

नोएडा के सेक्टर 137 में घरेलू कामगारों (मेड्स) का कम वेतन, अनिश्चित कार्य समय और कड़े सोसाइटी नियमों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन जारी है. जिसके चलते दूसरे दिन भी हाउसिंग सोसाइटी में काम करने के लिए मेड्स नहीं पहुंचीं.

Advertisement
हाउसिंग सोसाइटी के बाहर प्रदर्शन करने पहुंचीं मेड्स. (Photo: Screengrab) हाउसिंग सोसाइटी के बाहर प्रदर्शन करने पहुंचीं मेड्स. (Photo: Screengrab)

aajtak.in

  • नोेएडा,
  • 15 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 9:13 AM IST

नोएडा में प्राइवेट कंपनियों के कर्मचारियों के बाद हाउसिंग सोसाइटी में काम करने वाली मेड्स का भी आंदोलन शुरू हो गया है. बुधवार को भी यहां सेक्टर 137 में घरेलू कामगारों (मेड्स) द्वारा विरोध प्रदर्शन देखने को मिल रहा है. यह प्रदर्शन पूर्वांचल सोसाइटी, इकोसिटी सोसाइटी व आसपास की अन्य हाउसिंग सोसाइटी के बाहर किया जा रहा है. बड़ी संख्या में मेड्स एकत्र होकर अपनी मांगों को लेकर विरोध कर रही हैं. 

Advertisement

इन सोसाइटियों में विरोध प्रदर्शन कर रही हैं मेड्स
प्रदर्शन कर रही मेड्स का कहना है कि उन्हें काम के बदले उचित वेतन नहीं मिल रहा है, साथ ही कई जगहों पर काम के घंटे भी तय नहीं हैं. इसके अलावा सोसाइटी के कड़े नियम-जैसे एंट्री-एग्जिट की पाबंदियां, पहचान पत्र की अनिवार्यता और लिफ्ट के उपयोग पर भी प्रतिबंध है. जिसके चलते उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ता है.

कुछ कामगारों ने यह भी आरोप लगाया कि उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार भी नहीं किया जाता है. दूसरी ओर सोसाइटी प्रबंधन का कहना है कि ये नियम सुरक्षा कारणों से बनाए गए हैं और सभी कर्मचारियों की पहचान सुनिश्चित करना आवश्यक है. उनका यह भी कहना है कि वे स्थिति को समझदारी से सुलझाने का प्रयास कर रहे हैं और कामगारों की समस्याओं पर बातचीत के लिए तैयार हैं.

Advertisement

हालांकि प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कायम रहे, इसके लिए सोसाइटी के गार्ड और प्रबंधन टीम सक्रिय है. स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए स्थानीय प्रशासन और पुलिस बल भी मौजूद है.

20 हजार रुपये सैलरी करने की मांग पर अड़े हैं प्राइवेट कर्मचारी
नोएडा में पिछले 6 दिनों से प्राइवेट कंपनियों के कर्मचारियों का प्रदर्शन जारी है. कर्मचारियों की तरफ से सैलरी 20 हजार रुपये महीने करने की मांग की जा रही है. जबकि कर्मचारियों के विरोध के बाद सोमवार देर रात ही योगी सरकार ने करीब 3000 रुपये तक की सैलरी बढ़ाने का आदेश दिया था. आदेश में कहा गया था कि यह तात्कालिक बढ़ोतरी है. बाद में कंपनियों से चर्चा के बाद इसमें और भी बढ़ोतरी की जा सकती है. 

सेक्टर 63 में कर्मचारियों ने शुरू किया काम
नोएडा सेक्टर 63 की एक कंपनी के बाहर बड़ी संख्या में बुधवार को भी कर्मचारी विरोध प्रदर्शन करने पहुंचे थे. जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हटा दिया. वहीं कंपनी के सभी कर्मचारियों द्वारा शांति से काम भी करना शुरू कर दिया गया है. कर्मचारियों के एंट्री के दौरान थोड़ी भीड़ जरूर हुई थी. उधर ग्रेटर नोएडा में एक निजी यूनिवर्सिटी के कर्मचारी भी यूनिवर्सिटी के बाहर धरने पर बैठ गए हैं. ये कर्मचारी सैलरी, ओवर टाइम बढ़ाने की मांग को लेकर धरने पर बैठे हैं. बवाल को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर मौजूद है. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »