बिस्तर पर मिला सांप, स्कूल संचालक की संदिग्ध मौत... परिजनों ने पत्नी पर जताया हत्या का शक

मेरठ के हस्तिनापुर में एक स्कूल संचालक अपने घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिले. बिस्तर में सांप मिलने और पैर पर सांप के काटने जैसे निशान मिलने के बाद प्रथम दृष्टया मौत का कारण सर्पदंश माना जा रहा है. हालांकि परिजनों ने मृतक की पत्नी पर हत्या का शक जताया है. पुलिस पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट का इंतजार कर रही है.

Advertisement
7 साल पहले हुई थी लव मैरिज.(Photo: Mohd. Usman Chaudhary/ITG) 7 साल पहले हुई थी लव मैरिज.(Photo: Mohd. Usman Chaudhary/ITG)

उस्मान चौधरी

  • मेरठ,
  • 17 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 10:53 PM IST

उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से एक रहस्यमयी मौत का मामला सामने आया है. हस्तिनापुर थाना क्षेत्र में एक स्कूल संचालक अपने घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिले. सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि उनके बिस्तर में एक सांप मिला और पैर पर सांप के काटने जैसे निशान भी पाए गए. शुरुआती जांच में मामला सर्पदंश का माना जा रहा है, लेकिन परिजनों ने इसे हत्या बताते हुए मृतक की पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए हैं.

Advertisement

घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक टीम और सर्विलांस यूनिट मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जबकि मिले सांप को भी जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) भेजा गया है.

यह भी पढ़ें: मेरठ में सनसनी: बर्थडे पार्टी से लौट रही युवती को पूर्व प्रेमी ने मारी गोली, हालत गंभीर, आरोपी फरार

पुलिस का कहना है कि फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी. पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का खुलासा हो सकेगा. मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं से की जा रही है.

पत्नी ने जगाया, चादर हटाते ही दिखा सांप

दरअसल, यह मामला मेरठ के हस्तिनापुर थाना क्षेत्र का है. यहां कृष्ण किड्स प्ले स्कूल के संचालक 32 वर्षीय अतुल सिंह पंवार शुक्रवार सुबह अपने कमरे में मृत अवस्था में मिले.

Advertisement

परिजनों के अनुसार, सुबह उनकी पत्नी दामिनी उन्हें जगाने के लिए कमरे में पहुंचीं. काफी आवाज लगाने के बाद भी जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो उन्होंने चादर हटाई. इसी दौरान बिस्तर में सांप दिखाई दिया, जिसे देखकर वह घबरा गईं और जोर-जोर से चिल्लाने लगीं.

शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. स्थानीय लोगों की मदद से सांप को पकड़कर एक डिब्बे में बंद किया गया. इसके बाद अतुल सिंह को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हस्तिनापुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

पैर पर मिले सांप के काटने जैसे निशान

चिकित्सकीय जांच में मृतक के दाहिने पैर पर सांप के काटने जैसे निशान मिले हैं. इसी आधार पर शुरुआती तौर पर मौत का कारण सर्पदंश माना जा रहा है. हालांकि पुलिस इसे अंतिम निष्कर्ष नहीं मान रही है.

परिजनों की मांग पर शव को पोस्टमार्टम के लिए मेरठ की मोर्चरी भेजा गया है. वहीं घटनास्थल से बरामद सांप को भी एफएसएल जांच के लिए भेजा गया है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वह जहरीला था या नहीं और मौत में उसकी क्या भूमिका रही.

मृतक के परिजनों ने पत्नी पर साजिश कर हत्या करने की आशंका जताई है. पुलिस ने पूछताछ के लिए पत्नी को हिरासत में लिया है. हालांकि अब तक उनके खिलाफ किसी तरह की आधिकारिक पुष्टि या आरोप सिद्ध नहीं हुए हैं.

Advertisement

7 साल पहले हुई थी लव मैरिज, हर पहलू पर जांच

बताया जा रहा है कि अतुल सिंह पंवार मूल रूप से बहसूमा थाना क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले थे. वह पिछले चार वर्षों से पत्नी दामिनी और छह वर्षीय बेटे के साथ हस्तिनापुर में किराए के मकान में रह रहे थे. दोनों मिलकर नर्सरी से कक्षा पांच तक का कृष्ण किड्स प्ले स्कूल संचालित करते थे.

परिजनों के मुताबिक अतुल तीन भाइयों में सबसे छोटे थे. उनके पिता गांव में खेती करते हैं. करीब सात साल पहले उन्होंने दामिनी से लव मैरिज की थी. स्कूल शुरू करने से पहले वह एक निजी कंप्यूटर कंपनी में नौकरी भी कर चुके थे.

एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया साक्ष्यों से सर्पदंश की संभावना नजर आती है, लेकिन मौत की असली वजह पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगी. पुलिस सभी पहलुओं, जिनमें सर्पदंश, हादसा और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोप भी शामिल हैं, की निष्पक्ष जांच कर रही है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »