पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ में रविवार को भगवान परशुराम जन्मोत्सव के उपलक्ष में भव्य शौर्य यात्रा निकाली गई. इसमें बुलडोजर विशेष आकर्षण का केंद्र रहा. इस बीच यात्रा के जुलूस में फरसा लहराने व डंडा साथ लेकर चलने वालों को महिला डिप्टी एसपी सख्त हिदायत देती हुई नजर आईं, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे डिप्टी एसपी सुचिता सिंह माइक लेकर चेतावनी दे रही हैं कि जो लोग फरसा और डंडा लेकर चल रहे हैं उनकी पहचान कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा.
मेरठ की डिप्टी एसपी सुचिता सिंह कहती हैं- "सब पर FIR होगी, मैं अभी बता रही हूं, यह जो फरसा लहरा रहे हैं, डंडा लहरा रहे हैं, सबकी फोटोग्राफी हो रही है और इन सब पर मुकदमा लिखा जाएगा."
दरअसल, बीते रविवार को मेरठ में भगवान परशुराम जन्मोत्सव के उपलक्ष में भव्य शौर्य यात्रा निकाली गई थी. यह यात्रा सीसीएसयू गेट से शुरू हुई थी. यात्रा का कई स्थानों पर भव्य स्वागत किया गया. इस दौरान कुछ युवा फरसे, डंडे लिए नजर आए.
बताया जा रहा है कि यात्रा में डिप्टी एसपी सुचिता सिंह की ड्यूटी लगी थी, जो जुलूस में युवकों के हाथ में डंडे और फरसे देखकर गुस्सा गईं और माइक लेकर उनको सख्त हिदायत देने लगीं. फिलहाल, सुचिता सिंह का यह वीडियो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. यूजर्स इस पर तरह-तरह के कमेंट कर रहे हैं.
उस्मान चौधरी