इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया के चेयरमैन मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने जनगणना को लेकर मुस्लिम समुदाय से खास अपील की है. उन्होंने कहा है कि जनगणना फॉर्म भरते समय धर्म के कॉलम में इस्लाम और मातृभाषा के कॉलम में उर्दू लिखें. लखनऊ स्थित इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया में आयोजित बैठक के दौरान मौलाना खालिद रशीद ने कहा कि देश में स्व-गणना यानी सेल्फ एन्यूमरेशन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है.
मौलाना ने कहा कि बृहस्पतिवार से यह प्रक्रिया शुरू हुई है और 21 मई तक परिवार का मुखिया ऑनलाइन पोर्टल के जरिए परिवार की जानकारी खुद दर्ज कर सकता है. मौलाना ने कहा कि जनगणना केवल सरकारी प्रक्रिया नहीं, बल्कि समाज की पहचान और आंकड़ों से जुड़ा महत्वपूर्ण कार्य है. इसलिए सभी लोगों को फॉर्म में सही और स्पष्ट जानकारी भरनी चाहिए.
यहां देखें Video
उन्होंने विशेष रूप से मुस्लिम समुदाय से अपील करते हुए कहा कि धर्म वाले कॉलम में इस्लाम लिखा जाए. वहीं मातृभाषा के कॉलम में उर्दू दर्ज की जाए. उनका कहना था कि सही जानकारी दर्ज होने से समुदाय की वास्तविक जनसंख्या और भाषाई पहचान सामने आएगी. बैठक में मौलाना ने यह भी कहा कि सेल्फ एन्यूमरेशन प्रक्रिया में किसी प्रकार के दस्तावेज अपलोड करने की जरूरत नहीं है. लोग आसानी से ऑनलाइन माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं.
उन्होंने कहा कि कई लोगों को ऑनलाइन प्रक्रिया की जानकारी नहीं है, इसलिए समाज के जिम्मेदार लोगों को आगे आकर जागरूकता फैलानी चाहिए. इसी उद्देश्य से इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया ने ईदगाह ऐशबाग परिसर में एक हेल्प डेस्क भी स्थापित की है.
यह भी पढ़ें: सियासत के दलदल से दूर रहें मुस्लिम महिलाएं, यहां इज्जत नहीं..., महिला आरक्षण बिल पर बोले बरेली के मौलाना
इस हेल्प डेस्क पर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक लोगों को सहायता दी जाएगी. यहां जनगणना फॉर्म भरने से जुड़ी जानकारी और तकनीकी मदद उपलब्ध रहेगी. मौलाना खालिद रशीद ने मस्जिदों के इमामों से भी अपील की कि वे जुमे के खुत्बे के दौरान लोगों को जनगणना की जानकारी भरने के लिए जागरूक करें.
उन्होंने कहा कि जनगणना देश की नीतियों और योजनाओं के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है. इसलिए सभी लोगों को जिम्मेदारी के साथ इस प्रक्रिया में भाग लेना चाहिए. लोगों की सुविधा के लिए इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया की ओर से हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं. सहायता और जानकारी के लिए 7905381076, 7335509779 और 9580112032 नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है.
आशीष श्रीवास्तव