दिवाली से पहले उत्तर प्रदेश में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान तेज हो गया है. इसी कड़ी में मथुरा के छाता क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है. राजस्थान बॉर्डर की तरफ से आ रही एक बोलेरो पिकअप को जांच के लिए रोका गया. तलाशी के दौरान वाहन से करीब 2 हजार 500 किलोग्राम संदिग्ध पनीर बरामद हुआ.
दरअसल, यह कार्रवाई बठैन गेट पुलिस चौकी के पास खाद्य सचल दल और पुलिस बल ने संयुक्त रूप से की. बरामद पनीर की अनुमानित कीमत करीब 5.05 लाख रुपये बताई गई है. जांच के दौरान कारोबारी पनीर की खरीद-बिक्री से जुड़े जरूरी दस्तावेज भी नहीं दिखा सका.
यह भी पढ़ें: दिवाली पर यूपी में बम धमाकों की धमकी, अयोध्या-काशी-मथुरा निशाने पर
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को पनीर की गुणवत्ता संदिग्ध मिली. इसके बाद जांच के लिए उसके दो नमूने लिए गए. जनहित और खाद्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विभाग ने मौके पर ही पूरे 2 हजार 500 किलो पनीर को नष्ट करा दिया.
खाद्य सुरक्षा को लेकर विभाग की बड़ी कार्रवाई
विभाग के मुताबिक, संदिग्ध, दूषित और अस्वच्छ पाए गए पनीर को नष्ट कराने का फैसला लोगों की सेहत को ध्यान में रखकर लिया गया. इस कार्रवाई में खाद्य सचल दल के साथ पुलिस बल भी मौजूद रहा.
दिवाली से पहले खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए यूपी खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (UPFSDA) की ओर से अभियान चलाया जा रहा है. मथुरा में हुई यह कार्रवाई इसी अभियान का हिस्सा है. पनीर के नमूनों की जांच के बाद उसकी गुणवत्ता को लेकर स्थिति और स्पष्ट होगी.
आशीष श्रीवास्तव