लखनऊ: बुद्धेश्वर मंदिर का सेवादार निकला चोर, कीमती घंटे चुराते पकड़ा गया गोलू, श्रद्धालुओं में आक्रोश

लखनऊ के प्रसिद्ध बुद्धेश्वर मंदिर से लगातार घंटे चोरी होने की गुत्थी सुलझ गई है. आरती की व्यवस्था संभालने वाले सेवादार गोलू उर्फ गौरव को भक्तों ने रंगे हाथों घंटा चुराते दबोच लिया. लेखपाल की तहरीर पर पारा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है.

Advertisement
आरोपी गोलू उर्फ गौरव गिरफ्तार (Photo- Screengrab) आरोपी गोलू उर्फ गौरव गिरफ्तार (Photo- Screengrab)

अंकित मिश्रा / आशीष श्रीवास्तव

  • लखनऊ ,
  • 09 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 2:07 PM IST

लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां के प्रसिद्ध और प्राचीन बुद्धेश्वर मंदिर परिसर से लगातार घंटे गायब होने की रहस्यमयी गुत्थी आखिरकार सुलझ गई है, लेकिन चोर का चेहरा सामने आते ही हर कोई दंग है. दरअसल, मंदिर का ही एक सेवादार पीतल के भारी-भरकम घंटे चोरी करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया है.

Advertisement

आरती की व्यवस्था संभालने वाला ही निकला घंटा चोर

दरअसल, बुद्धेश्वर मंदिर परिसर से पिछले कई दिनों से लगातार घंटे चोरी हो रहे थे. बुधवार की शाम स्थानीय दुकानदारों और भक्तों की सतर्कता रंग लाई. लोगों ने एक युवक को मंदिर का घंटा चुपके से ले जाते हुए रंगे हाथों दबोच लिया. आरोपी की पहचान गोलू उर्फ गौरव के रूप में हुई है. 

चौंकाने वाली बात यह है कि गौरव मंदिर में सेवादार के रूप में काम करता था और रोजाना होने वाली श्रृंगार आरती की व्यवस्थाओं को भी देखता था. आस्था के केंद्र में सेवा की आड़ में चल रहे इस काले कारनामे से स्थानीय लोग बेहद आक्रोशित हैं. 

पहले की चोरियों से भी जुड़े हैं तार, पुलिस ने भेजा जेल 

स्थानीय लोगों का आरोप है कि मंदिर से पहले भी कई बार बेशकीमती घंटे गायब हो चुके थे, जिनका सुराग नहीं मिल पा रहा था. गौरव की गिरफ्तारी के बाद अब आशंका जताई जा रही है कि पूर्व में हुई सभी चोरियों के पीछे इसी का हाथ था. मामले की गंभीरता को देखते लेखपाल आनंद श्रीवास्तव ने पारा थाने में लिखित तहरीर दी. चूंकि बुद्धेश्वर मंदिर की देखरेख जिला प्रशासन द्वारा की जाती है, इसलिए पुलिस ने तत्काल एक्शन लिया. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. इस घटना के बाद से ही श्रद्धालुओं में भारी नाराजगी है. स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और पुलिस से मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता करने की मांग की है.

---- समाप्त ----

TOPICS:
Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »