लखनऊ में करोड़पति कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट से कई अहम जानकारियां सामने आई हैं. रिपोर्ट के मुताबिक शिवा के शरीर पर 10 गंभीर आंतरिक चोटें पाई गई हैं. ये सभी चोटें मौत से पहले की हैं. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह शॉक और हेमरेज बताई गई है. अब जांच इस सवाल पर भी केंद्रित है कि क्या शिवा की मौत चार मंजिला इमारत से गिरने के कारण हुई थी या फिर उसे पहले चोटें पहुंचाई गईं और बाद में नीचे फेंक दिया गया.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, शिवा के शरीर पर मिली सभी 10 चोटें एंटीमॉर्टेम यानी मौत से पहले लगी थीं. रिपोर्ट में चोटों के लिए हार्ड एंड रफ सरफेस यानी कठोर और खुरदरी सतह के प्रभाव का उल्लेख किया गया है. इन चोटों के कारण शॉक और हेमरेज होने को मौत की वजह बताया गया है.
क्या पहले हुई हत्या, फिर नीचे फेंका गया शव?
इस मामले में अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि शिवा शर्मा की मौत किन परिस्थितियों में हुई. क्या वह चार मंजिला इमारत से गिरने के बाद गंभीर रूप से घायल हुआ और उसकी जान चली गई, या फिर गिरने से पहले ही उसे गंभीर चोटें पहुंचाई गई थीं? क्या उसे चोटें पहुंचाने के बाद इमारत से नीचे फेंका गया? पुलिस इन पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.
शिवा की मां ने जताया हत्या का शक
शिवा शर्मा की मां ने भी अपने बेटे की मौत को लेकर हत्या की आशंका जताई है. ऐसे में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आई चोटें जांच के लिहाज से अहम हो गई हैं. पुलिस को यह पता लगाना है कि शिवा को चोटें कैसे लगीं और उसकी मौत से पहले क्या घटनाक्रम हुआ था. जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कारोबारी की मौत हादसा थी या इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश थी.
शिवा रोज लिखता था डायरी
एक जानकारी यह भी सामने आई है कि शिवा रोज डायरी लिखता था, उसमें लिखा है कि उसको प्रताड़ित किया जाता था. श्रद्धा दुबे की गिरफ्तारी हो, उसके साथ कई लोग हैं. श्रद्धा होटल और रेस्टोरेंट पहाड़ों पर खोलना चाहती थी. इसके लिए पैसे भी मांगती थी. साथ ही शिवा से जबरदस्ती शादी करना चाहती थी. फिलहाल इन सभी राज से पर्दा श्रद्धा दुबे की गिरफ्तारी के बाद ही हटेगा.
आशीष श्रीवास्तव