उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने झकझोर कर रख दिया. यहां मितौली थाना क्षेत्र के भीखमपुर चौराहे पर देर रात एक तेज रफ्तार महिंद्रा थार गाड़ी ने बाइक सवार 3 लोगों को टक्कर मार दी. इस भीषण दुर्घटना में बाइक चला रहे जितेंद्र वर्मा और उनकी पत्नी सरिता वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ बैठी भाभी माया देवी वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गईं.
जानकारी के अनुसार तीनों लोग एक शादी समारोह से वापस अपने घर लौट रहे थे. जैसे ही वे भीखमपुर चौराहे के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार से आ रही थार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दंपति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरी महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं. उन्हें तत्काल इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है.
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. मितौली क्षेत्राधिकारी ने बताया कि इस मामले में FIR दर्ज कर ली गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है. बताया जा रहा है कि थार गाड़ी चला रहा युवक सार्थक गुप्ता नकहा ब्लॉक प्रमुख और भाजपा नेता पवन गुप्ता का भतीजा है. घटना के समय वह शाहजहांपुर से एक शादी समारोह से लौट रहा था और उसकी गाड़ी की रफ्तार काफी तेज थी. हादसे के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया.
फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है. यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर करता है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके.
aajtak.in