आतंकवादी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में लखनऊ एटीएस द्वारा मुरादाबाद से गिरफ्तार किए गए छात्र हारिश अली को लेकर नए खुलासे सामने आए हैं. इस मामले में कोठीवाल डेंटल कॉलेज एंड रिसर्च सेंटर के हॉस्टल वार्डन जीत सिंह ने कई अहम जानकारी साझा की है, जिससे यह मामला और गंभीर होता नजर आ रहा है.
वार्डन जीत सिंह के अनुसार, हारिश अली ने पहले कोटा में रहकर नीट की तैयारी की थी. परीक्षा पास करने के बाद उसने मुरादाबाद के कोठीवाल डेंटल कॉलेज एंड रिसर्च सेंटर में एडमिशन लिया था. वह बीडीएस सेकेंड ईयर का छात्र था और कॉलेज के हॉस्टल में ही रहता था. उसकी पढ़ाई को लेकर भी कॉलेज में अच्छी छवि थी.
होनहार छात्र की गिरफ्तारी से कॉलेज में सन्नाटा
वार्डन ने बताया कि हारिश का व्यवहार बेहद शांत और सरल था. वह न तो किसी विवाद में पड़ता था और न ही उसके खिलाफ हॉस्टल में कभी कोई शिकायत दर्ज हुई. पढ़ाई में भी वह होनहार छात्र माना जाता था. इसी वजह से उसकी गिरफ्तारी की खबर ने कॉलेज प्रशासन और छात्रों को चौंका दिया है.
जीत सिंह के मुताबिक, बीते रविवार को एटीएस की टीम अचानक हॉस्टल पहुंची थी. टीम ने हारिश से पूछताछ की और फिर उसे अपने साथ ले गई. बाद में एटीएस ने जानकारी दी कि उसे देश विरोधी गतिविधियों में संलिप्तता के आरोप में गिरफ्तार किया गया है.
परिवार और दोस्तों के लिए यकीन करना मुश्किल
एटीएस टीम ने हॉस्टल के कमरे की तलाशी भी ली और वहां से हारिश का मोबाइल, लैपटॉप और कुछ जरूरी दस्तावेज अपने कब्जे में लिए. वार्डन ने बताया कि उन्होंने ही इस गिरफ्तारी की सूचना हारिश के परिवार को दी थी. वहीं, हारिश के रूम पार्टनर ने भी इस मामले में किसी तरह की जानकारी होने से इनकार किया है. उसने कहा कि उसे कभी भी हारिश की किसी संदिग्ध गतिविधि के बारे में पता नहीं चला.
एटीएस की जांच में सामने आया है कि हारिश अली कथित तौर पर आईएस के लिए भर्ती का काम कर रहा था. उसने मुरादाबाद के अलावा संभल, अमरोहा, बिजनौर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई अन्य जिलों के सैकड़ों युवाओं को अपने संपर्क में लिया. वह उन्हें देश के खिलाफ भड़काने और गलत रास्ते पर ले जाने की कोशिश कर रहा था.
एक छात्र की कहानी, जो सवालों में घिर गई
जांच एजेंसियों को यह भी जानकारी मिली है कि पिछले दो सालों में हारिश कई बार जम्मू-कश्मीर गया था. अब एटीएस उसके संपर्क में रहे अन्य लोगों की पहचान कर उनसे पूछताछ की तैयारी कर रही है. इस मामले में आने वाले दिनों में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं.
जगत गौतम