ग्रेटर नोएडा: स्कूटी पार्किंग को लेकर मारपीट, दहशत में पूरी कॉलोनी- VIDEO

ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र के चिपियाना स्थित राम श्याम कॉलोनी में पार्किंग को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया. यहां स्कूटी खड़ी करने को लेकर शुरू हुए झगड़े में जमकर लाठी-डंडे चले. जिससे दहशत का माहौल हो गया. मारपीट की यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जबकि कुछ लोगों ने मोबाइल से वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया.

Advertisement
ग्रेटर नोएडा में स्कूटी पार्किंग को लेकर मारपीट. (photo: Screengrabs) ग्रेटर नोएडा में स्कूटी पार्किंग को लेकर मारपीट. (photo: Screengrabs)

अरुण त्यागी

  • ग्रेटर नोेएडा,
  • 12 मई 2026,
  • अपडेटेड 7:36 AM IST

ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र में पार्किंग को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया. दो पक्षों के बीच हुई जमकर मारपीट का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. घटना में लाठी-डंडे चलने की तस्वीरें सामने आने के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है. पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी है. 

Advertisement

जानकारी के अनुसार पूरा मामला बिसरख थाना क्षेत्र के चिपियाना स्थित राम श्याम कॉलोनी का है. यहां रहने वाले अवधेश कुमार गुप्ता और आकाश कुमार शर्मा पड़ोसी बताए जा रहे हैं. स्थानीय लोगों के मुताबिक दोनों परिवारों के बीच स्कूटी और अन्य वाहन खड़े करने को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था. कई बार कहासुनी भी हुई, लेकिन मामला हर बार शांत हो जाता था.

बताया जा रहा है कि मंगलवार को एक बार फिर पार्किंग को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि अवधेश कुमार गुप्ता और आकाश कुमार शर्मा के बीच हाथापाई शुरू हो गई. आरोप है कि इस दौरान अवधेश ने आकाश के साथ मारपीट की. इसकी सूचना जब आकाश शर्मा के परिजनों को मिली तो वे भी मौके पर पहुंच गए. इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर लाठी-डंडे चले.

Advertisement

मारपीट का वीडियो कॉलोनी में लगे सीसीटीवी में हुआ कैद
मारपीट की पूरी घटना कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. वहीं कुछ लोगों ने अपने मोबाइल फोन से भी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि दोनों पक्ष एक-दूसरे पर हमला कर रहे हैं और आसपास मौजूद लोग बीच-बचाव की कोशिश कर रहे हैं. घटना के दौरान कॉलोनी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोग अपने घरों से बाहर निकल आए. 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने दोनों पक्षों से शिकायत प्राप्त करने के बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. जांच के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाया. साथ ही उन्हें भविष्य में किसी भी प्रकार का विवाद न करने की सख्त हिदायत दी गई है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है. यदि जांच में किसी पक्ष की ओर से गंभीर हमला या कानून व्यवस्था भंग करने की पुष्टि होती है तो आगे की कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »