तीसरी मंजिल... एक शादीशुदा जिंदगी... और अचानक नीचे गिरती एक महिला. ग्रेटर नोएडा के इकोटेक-3 पुलिस स्टेशन एरिया से शुरू हुई यह कहानी अब दहेज हत्या के केस में बदल चुकी है. इसमें परिवार के भीतर से ही रिश्तों पर सवाल खड़े हो गए हैं. अब इस मामले में पुलिस ने मृतका के चचेरे ससुर विनोद को भी पकड़ लिया है.
यह मामला दीपिका नाम की महिला से जुड़ा है, जिसकी संदिग्ध परिस्थितियों में तीसरी मंजिल से गिरकर मौत हो गई थी. शुरुआत में इसे एक हादसा बताया गया, लेकिन जल्द ही कहानी ने दूसरा मोड़ ले लिया. परिजनों ने आरोप लगाया कि यह कोई दुर्घटना नहीं थी, बल्कि दहेज के लिए की गई हत्या थी.
शिकायत के मुताबिक, शादी के बाद से ही दीपिका को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था. दहेज की मांग को लेकर घर में तनाव बना रहता था. परिवार का कहना है कि कई बार दीपिका ने फोन कर अपनी तकलीफें भी बताई थीं, लेकिन हालात नहीं बदले.
यह भी पढ़ें: लखनऊ: सगाई के 4 दिन बाद युवती की हत्या, बॉयफ्रेंड ने ईंट से सिर कुचलकर झाड़ियों में फेंका शव
परिजनों का कहना है कि दीपिका को मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जाता था. कई बार उसने अपने मायकेवालों को फोन कर ससुराल पक्ष की प्रताड़ना की जानकारी दी थी. आरोप है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट भी की जाती थी.
घटना के बाद जब उसकी मौत की खबर आई, तो परिवार ने सीधे आरोप लगाया कि उसे प्रताड़ित कर मार दिया गया. मामला बढ़ा तो पुलिस ने जांच शुरू की और गिरफ्तारी का सिलसिला शुरू हुआ. सबसे पहले पति ऋतिक को गिरफ्तार किया गया. इसके बाद ससुर मनोज को भी पुलिस ने हिरासत में लिया. और अब तीसरी गिरफ्तारी में चचेरे ससुर विनोद को पकड़ा गया है. यानी अब तक इस केस में तीन लोग पकड़े जा चुके हैं.
शैलेंद्र कुमार सिंह के मुताबिक, यह गंभीर मामला है और जांच तेजी से आगे बढ़ रही है. पुलिस का कहना है कि परिवार के कुछ अन्य सदस्य अभी फरार हैं और उनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है. फिलहाल पुलिस जांच जारी है, और उम्मीद की जा रही है कि जल्द ही बाकी नाम भी सामने आ सकते हैं.
अरुण त्यागी