लखनऊ: सगाई के 4 दिन बाद युवती की हत्या, बॉयफ्रेंड ने ईंट से सिर कुचलकर झाड़ियों में फेंका शव

लखनऊ में सगाई के चार दिन बाद 22 वर्षीय शिवानी सिंह की हत्या का मामला सामने आया है. पुलिस ने उसके बॉयफ्रेंड प्रेम कुमार मांझी को गिरफ्तार किया, जिसने पूछताछ में अपराध स्वीकार किया. आरोपी ने रबर पाइप से गला घोंटकर और सीमेंट की ईंट से सिर कुचलकर शव को जंगल में फेंक दिया. वह शिवानी के किसी सहकर्मी से बढ़ती नजदीकी से नाराज था.

Advertisement
लखनऊ में शिवानी हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा. (Photo: Screengrabs) लखनऊ में शिवानी हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा. (Photo: Screengrabs)

अंकित मिश्रा

  • लखनऊ,
  • 20 मई 2026,
  • अपडेटेड 7:57 AM IST

लखनऊ में सगाई के महज चार दिन बाद 22 वर्षीय शिवानी सिंह की हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है. पुलिस ने इस मामले में उसके बॉयफ्रेंड प्रेम कुमार मांझी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी ने पूछताछ में हत्या की बात कबूल करते हुए बताया कि उसने रबर के पाइप से गला घोंटकर शिवानी की हत्या की और बाद में सीमेंट की ईंट से सिर कूचकर शव झाड़ियों में फेंक दिया. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई ईंट भी बरामद कर ली है.

Advertisement

प्रेम कुमार के साथ 7-8 वर्षों से रिलेशन में थी शिवानी
पुलिस के मुताबिक आरोपी प्रेम कुमार मांझी, जो लखनऊ में डिलीवरी बॉय का काम करता है. पिछले 7-8 वर्षों से शिवानी का दोस्त था. पूछताछ में उसने बताया कि पिछले छह महीनों से शिवानी अपने ऑफिस के सहकर्मी मनीष के साथ ज्यादा समय बिताने लगी थी. शिवानी के मोबाइल में मनीष के साथ तस्वीरें देखने के बाद वह नाराज रहने लगा था और इसी वजह से उसने हत्या की साजिश रची.

आरोपी ने रविवार सुबह करीब साढ़े 9 बजे शिवानी को अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाया और उतरेटिया रेलवे लाइन के पास जंगल की ओर ले गया. वहां उसने वाटर लेवलिंग वाले रबर पाइप से उसका गला घोंट दिया. हत्या के बाद उसने पास में पड़ी सीमेंट की ईंट से शिवानी का सिर कुचल दिया और शव को झाड़ियों में फेंक दिया. इसके बाद मोबाइल फोन को तेलीबाग नहर में फेंककर सबूत मिटाने की कोशिश की.

Advertisement

14 मई को हुई थी सगाई
शिवानी एल्डिको उद्यान, रक्षा खंड में अपने परिवार के साथ किराए के मकान में रहती थी. उसकी मां घरों में काम करती हैं जबकि पिता शटरिंग मजदूर हैं. शिवानी एक रियल एस्टेट कंपनी में चैनल पार्टनर के तौर पर काम करती थी. परिजनों के मुताबिक 14 मई को उसकी सगाई प्रकाश नाम के युवक से हुई थी और परिवार शादी की तैयारियों में जुटा था. रविवार को ऑफिस जाने के लिए निकली शिवानी देर रात तक घर नहीं लौटी, जिसके बाद परिवार ने तलाश शुरू की.

सोमवार सुबह सुशांत गोल्फ सिटी इलाके के जंगल में युवती का शव मिलने की सूचना पर परिजन पुलिस के पास पहुंचे और मां ने तस्वीर देखकर शव की पहचान की. मामले के खुलासे के लिए पुलिस की चार टीमें लगाई गईं. सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से पुलिस आरोपी तक पहुंची और सबूतों के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement