ग्रेटर नोएडा में चर्चित दीपिका केस की पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं. रिपोर्ट के अनुसार मृतका के शरीर पर कई गंभीर बाहरी और अंदरूनी चोटों के निशान मिले हैं, जिससे मामले ने और गंभीर रूप ले लिया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में खून का थक्का जमने, तिल्ली फटने और शरीर के विभिन्न हिस्सों में भारी रक्तस्राव की पुष्टि हुई है. वहीं, विसरा को भी सुरक्षित रखकर जांच के लिए भेजा गया है ताकि यह पता लगाया जा सके कि शरीर में किसी विषैले पदार्थ का इस्तेमाल तो नहीं किया गया था.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक दीपिका के शरीर पर कई गंभीर बाहरी चोटें पाई गईं. दाहिने चेहरे पर लगभग 12 सेमी × 9 सेमी की सूजन और नील के निशान मिले. बाएं कोहनी जोड़ पर 9 सेमी × 6 सेमी की चोट पाई गई, जबकि बाएं हाथ के फोरआर्म पर करीब 8 सेमी × 5 सेमी का गहरा चोट का निशान मिला. इसके अलावा दाहिनी जांघ पर लगभग 38 सेमी × 14 सेमी का बड़ा नीला दबाव चिन्ह पाया गया, जो गंभीर मारपीट की ओर इशारा करता है.
रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि बाएं घुटने के जोड़ पर 4 सेमी × 1.5 सेमी का हड्डी तक गहरा घाव था. कमर और पेट के निचले हिस्से में भी चोट के निशान पाए गए. दाहिने इलियक क्रेस्ट के ऊपर लगभग 25 सेमी × 22 सेमी का गोलाकार कंट्यूजन मिला. दाहिने हाथ के चारों ओर गोलाकार चोट के निशान पाए गए, जबकि बाएं कान से रक्तस्राव भी मिला. चेस्ट और पेट के बाईं ओर गहरे दबाव और घर्षण के निशान भी पोस्टमार्टम में दर्ज किए गए हैं.
किडनी पीली थी और तिल्ली फटी थी
आंतरिक जांच में सबसे गंभीर खुलासा मस्तिष्क में हेमेटोमा यानी खून का थक्का मिलने का हुआ. रिपोर्ट के अनुसार मस्तिष्क के मध्य और बाईं ओर रक्त का थक्का जमा हुआ था. इसके अलावा तिल्ली फटी हुई पाई गई, जो किसी भारी चोट या तेज प्रहार का संकेत माना जा रहा है. बाईं किडनी पीली अवस्था में मिली, जबकि हृदय के चैम्बर खाली पाए गए। शरीर के कई हिस्सों में अंदरूनी रक्तस्राव भी मिला है.
पोस्टमार्टम टीम ने विसरा सुरक्षित कर उसे फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है. विशेषज्ञ अब यह जांच करेंगे कि मृतका के शरीर में किसी प्रकार का जहरीला पदार्थ मौजूद था या नहीं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है और सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है.
इस रिपोर्ट के सामने आने के बाद मामला और संवेदनशील हो गया है. पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की तैयारी में जुटी हुई है. आपको बता दें कि ग्रेटर नोएडा के जलपुरा गांव में 25 वर्षीय दीपिका नागर की संदिग्ध मौत हो गई थी. दीपिका के परिजनों ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाया था. परिजनों ने आरोप लगाया है कि दहेज प्रताड़ना से परेशान होकर दीपिका ने छत से कूदकर जान दे दी.
अरुण त्यागी