गाजियाबाद के वैशाली इलाके में पुलिस ने स्पा सेंटरों की आड़ में चल रहे कथित देह व्यापार का खुलासा किया है. कौशांबी थाना पुलिस ने एक साथ तीन स्पा सेंटरों पर छापेमारी कर 23 युवतियों को रेस्क्यू किया है. इस कार्रवाई में स्पा संचालक समेत 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस का कहना है कि पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है.
यह पूरी कार्रवाई वैशाली सेक्टर-4 में मौजूद एक कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में हुई. पुलिस के मुताबिक, सूचना मिली थी कि वैशाली सेक्टर-4 के एक कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में स्पा सेंटरों की आड़ में अनैतिक गतिविधियां चलाई जा रही हैं. इसके बाद कौशांबी थाना पुलिस ने एक साथ मून लोटस स्पा, रॉयल स्पा और पीओर स्पा पर छापा मारा. जांच के दौरान कई युवक और युवतियां संदिग्ध हालात में मिले.
23 युवतियां रेस्क्यू, 6 लोग गिरफ्तार
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 23 युवतियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया. वहीं स्पा संचालक समेत पांच ग्राहकों को गिरफ्तार किया गया है. मौके से आपत्तिजनक और अवैध सामान भी बरामद हुआ है, जिसे पुलिस ने तुरंत अपने कब्जे में ले लिया. लिहाजा, सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
जांच में पता चला कि तीनों स्पा सेंटर बेहद गोपनीय तरीके से चलाए जा रहे थे. बाहर कहीं भी नाम का बोर्ड या होर्डिंग नहीं लगाया गया था, ताकि किसी को शक न हो. प्रवेश द्वार और बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे. पुलिस का मानना है कि इन कैमरों के जरिए आने-जाने वालों, खासकर पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखी जाती थी, ताकि समय रहते सतर्क हुआ जा सके.
नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि यह सिर्फ एक कार्रवाई नहीं है, बल्कि पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है. गिरफ्तार लोगों से पूछताछ की जा रही है, ताकि पता लगाया जा सके कि इस धंधे से और कौन-कौन जुड़े हैं. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि यह नेटवर्क कब से चल रहा था और इसके तार किन लोगों तक जुड़े हैं.
एसीपी सूर्यबली मौर्य ने बताया कि कार्रवाई मुखबिर की सूचना के आधार पर की गई. तीनों स्पा सेंटरों पर छापेमारी के बाद 23 युवतियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी.
मयंक गौड़