कूड़ा कांड: कांग्रेस नेता के घर के बाहर सफाई कर्मचारियों ने लगाया कचरे का अंबार, टैक्स विवाद में अनोखा विरोध 

मुजफ्फरनगर के खतौली में कांग्रेस नेता जमील अंसारी के घर के बाहर सफाई कर्मचारियों ने कूड़ा डालकर विरोध जताया. कर्मचारियों का आरोप है कि टैक्स नोटिस को लेकर उनके अधिकारी से अभद्रता की गई थी. हंगामे के दौरान पुलिस पहुंची और हल्का बल प्रयोग कर स्थिति संभाली. मामले में कार्रवाई शुरू कर दी गई है और कई लोगों को हिरासत में भी लिया गया. 

Advertisement
कांग्रेस नेता के घर के बाहर कूड़ा डालकर विरोध जताया (Photo: ITG) कांग्रेस नेता के घर के बाहर कूड़ा डालकर विरोध जताया (Photo: ITG)

संदीप सैनी

  • मुजफ्फरनगर,
  • 05 मई 2026,
  • अपडेटेड 2:14 PM IST

यूपी के मुजफ्फरनगर जिले में  कांग्रेस नेता जमील अंसारी के घर के बाहर नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों ने गाड़ियों से कूड़ा लाकर डाल दिया. देखते ही देखते वहां कचरे का ढेर लग गया. सड़क पर बदबू, भीड़ और नारेबाजी के बाद पूरे इलाके में हंगामा होने लगा. 

जानकारी के मुताबिक, यह विवाद एक दिन पहले शुरू हुआ था. नगर पालिका की टीम बकाया टैक्स का नोटिस देने कांग्रेस नेता के घर पहुंची थी. सफाई कर्मचारियों का आरोप है कि नोटिस मिलने पर जमील अंसारी नाराज हो गए और उन्होंने फोन पर अधिशासी अधिकारी से अभद्र भाषा में बात की. इसी बात से नाराज कर्मचारियों ने अगले दिन विरोध का यह तरीका अपनाया और कूड़ा लाकर उनके घर के बाहर डाल दिया.

Advertisement

सुबह होते ही शुरू हुआ प्रदर्शन

मंगलवार सुबह सफाई कर्मचारी एकजुट होकर पहुंचे और कूड़ा डालना शुरू कर दिया. कुछ ही समय में वहां कचरे का बड़ा ढेर लग गया. कर्मचारियों ने नारेबाजी करते हुए कार्रवाई की मांग की. उनका कहना था कि जब तक संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा. हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने कर्मचारियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे मानने को तैयार नहीं थे. इस दौरान स्थिति कुछ देर के लिए बिगड़ गई और पुलिस व कर्मचारियों के बीच हल्की झड़प भी हुई. हालात काबू में करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा. कुछ लोगों को हिरासत में लेने के बाद मामला धीरे-धीरे शांत हुआ.

क्षेत्राधिकारी खतौली रुपाली राव ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची थी. जांच में सामने आया कि एक दिन पहले दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद कर्मचारियों ने आक्रोश में यह कदम उठाया. उन्होंने कहा कि पूरे मामले में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है और जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

Advertisement

कर्मचारियों ने रखा अपना पक्ष

सफाई कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि उनके अधिकारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया गया, जिसे वे बर्दाश्त नहीं करेंगे. उनका साफ कहना है कि अगर कार्रवाई नहीं हुई, तो वे काम बंद कर सकते हैं. इससे नगर पालिका की सेवाएं भी प्रभावित हो सकती हैं. इस पूरे विवाद का असर आसपास रहने वाले लोगों पर भी पड़ा. घरों के सामने कूड़े का ढेर लगने से बदबू फैल गई और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा. स्थानीय लोगों का कहना है कि किसी भी विवाद का असर आम जनता पर नहीं पड़ना चाहिए. अभी तक इस मामले में संबंधित नेता की ओर से कुछ भी नहीं बोला गया है. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement