फिरोजाबाद में आंधी का कहर: दीवार और लोहे का गेट गिरने से पिता की मौत, पत्नी-बेटी समेत 5 घायल

फिरोजाबाद जिले में मंगलवार रात आई तेज आंधी ने भारी तबाही मचाई है. अलग-अलग इलाकों में दीवार और लोहे का गेट गिरने से एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पत्नी, बेटी सहित पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है.

Advertisement
आंधी के कारण दीवारें और लोहे का गेट गिर गए (Photo- ITG) आंधी के कारण दीवारें और लोहे का गेट गिर गए (Photo- ITG)

सुधीर शर्मा

  • फिरोजाबाद ,
  • 10 जून 2026,
  • अपडेटेड 10:24 AM IST

Uttar Pradesh News: फिरोजाबाद के थाना नारखी क्षेत्र के नगला सेमरिया गांव और थाना रसूलपुर के आसफाबाद में मंगलवार रात तेज आंधी के कारण दीवारें और लोहे का गेट गिर गए. इस हादसे की चपेट में आने से नगला सेमरिया के एक व्यक्ति की मलबे में दबकर मौत हो गई. वहीं मृतक की पत्नी रेनू, बेटी करिश्मा और आसफाबाद के तीन अन्य लोगों सहित कुल पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. 

Advertisement

घर के बाहर मौजूद पीड़ित परिवार पर अचानक दीवार और गेट भरभराकर गिर पड़े, जिसके बाद ग्रामीण उन्हें तत्काल सरकारी अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने पिता को मृत घोषित कर दिया.

नगला सेमरिया गांव में रहने वाले परिवार के सदस्य रात में अपने घर के बाहर मौजूद थे. तभी अचानक आई तेज आंधी के झोंके से निर्माणाधीन मकान की दीवार और उससे जुड़ा भारी-भरकम लोहे का गेट उखड़कर उनके ऊपर गिर गया. चीख-पुकार सुनकर दौड़े परिजन और ग्रामीणों ने आनन-फानन में मलबे को हटाया. सभी घायलों को तुरंत पास के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद परिवार के मुखिया (पिता) को मृत घोषित कर दिया. मृतक की पत्नी रेनू और बेटी करिश्मा का इलाज जारी है.

आसफाबाद में भी आंधी ने मचाई तबाही

आंधी का दूसरा कहर थाना रसूलपुर क्षेत्र के आसफाबाद इलाके में देखने को मिला. यहां भी तेज हवाओं के दबाव को न झेल पाने के कारण एक दीवार अचानक भरभराकर ढह गई. इस हादसे के वक्त वहां से गुजर रहे या मौजूद तीन लोग मलबे के नीचे दबकर गंभीर रूप से जख्मी हो गए. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को मलबे से बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका उपचार किया जा रहा है. हादसे के बाद से पीड़ित परिवारों में कोहराम मचा हुआ है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »