अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी का मामला लगातार नए खुलासों के साथ चर्चा में बना हुआ है. मामले में आठ आरोपियों में से एक लव कुश मिश्रा के घर पर हाल में पुलिस ने तलाशी ली थी, जहां कथित तौर पर ₹14.25 लाख नकद बरामद हुए.
'घर के अंदर तो जगह है नहीं, कैश कहां मिला?'
इस बरामदगी के बाद लव कुश के नाना जगदंबा प्रसाद ने आज तक से बातचीत की. उन्होंने कहा- पुलिस रिकॉर्ड दे कि क्या मिला है कहां से मिला है. कंडों में आकर ढूंढना है? यहां इतना लाख मिलेगा? घर के अंदर तो जगह है नहीं, हमें नहीं पता इतना कैश कहां से मिला है. पुलिस परसों तलाशी लेने के लिए आई थी. कुछ पुलिस कर्मी घर के अंदर भी गए और अलमारी से भी कुछ कागज ले गए. क्या कोई हमारे यहां विदेश गया है जो यहां से डॉलर मिलेगा?
'हिम्मत हो तो चलाएं हमारे घर पर बुलडोजर'
उन्होंने कहा कि जो सरकार की SIT की टीम है वो जिम्मेदार है. पुलिस ने हमें कुछ नहीं कहा, यहां सब खंगाला है. क्या पुलिस ने कुछ लिखित में दिया है? कुछ निकला होगा तो ले गए होंगे. चंदा चोरी का सब पैसा क्या हमारे ही घर पर है. लव कुश निर्दोष है, योगी ने जो टीम बिठाई है अगर उसमें लव कुश दोषी आता है तो हम भोगेंगे. जगदंबा प्रसाद ने कहा - लव कुश, मेरा नाती है जो कि गाड़ी और कार शीशे का काम करता था. हिम्मत हो तो चला दें हमारे घर पर बुलडोजर, रजिस्ट्री है पूरी. जो गिराना है गिरा दें, हम सहमत नहीं है. सरकार से हम गुहार कर चुके, मंदिर से कर चुके, सब बेकार है.
इस बीच आज तक ने लव कुश की मां से भी बातचीत की. वह दरवाजा खोलकर बाहर नहीं आईं अंदर से बोलती रहीं कि बेटा निर्दोष है, फंसाया जा रहा है.
घर पर पुलिस को मिले थे ₹14.25 लाख नकद
लव कुश के इसी घर से जांच एजेंसियों ने कुल मिलाकर ₹14.25 लाख नकद बरामद किए हैं. पुलिस सूत्रों के अनुसार, लवकुश ने इस चोरी के पैसे को अपने घर में अलमारी और गोबर व सूखे चारे के ढेर के नीचे छिपाकर रखा था. छापेमारी में पुलिस को अहम दस्तावेज और जमीन की रजिस्ट्री के कागजात मिले हैं. जांच में सामने आया कि राम मंदिर ट्रस्ट में मंदान और चढ़ावे की गिनती करने वाली टीम के सदस्य लवकुश ने ₹12,000 से ₹15,000 की नौकरी करने के दौरान अपनी पत्नी सुप्रिया मिश्रा के नाम पर अयोध्या में एक कीमती जमीन खरीदी थी.
लव कुश ने पत्नी के नाम पर बन रहा मकान
इसके बाद अयोध्या विकास प्राधिकरण (ADA) ने उनकी पत्नी सुप्रिया मिश्रा के नाम पर बन रही बिल्डिंग को लेकर नोटिस जारी किया . प्राधिकरण का कहना है कि जांच के दौरान निर्माण में नियमों के उल्लंघन की बात सामने आई है. इसी वजह से एक सप्ताह के भीतर जवाब मांगा गया है. तय समय में जवाब नहीं मिलने पर अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई होगी, जिसमें ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया भी शामिल हो सकती है.
ऐसे खुला चढ़ावा चोरी का केस
गौरतलब है कि राम मंदिर में चढ़ावा चोरी का यह पूरा मामला तब उजागर हुआ, जब सीसीटीवी फुटेज की जांच और चढ़ावे की गिनती के दौरान अनियमितताएं सामने आईं. इसके बाद मंदिर ट्रस्ट की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सुरक्षाकर्मी समेत उसके साथियों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस का दावा है कि आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई नकदी और अन्य कीमती सामान भी बरामद कर लिया गया है. इस घटना के बाद राम जन्मभूमि परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और चढ़ावे के ऑडिट सिस्टम को पहले से अधिक सख्त कर दिया गया है.
समर्थ श्रीवास्तव