उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में रविवार शाम एक खौफनाक हादसे में 14 वर्षीय छात्रा रागिनी की मौत हो गई. गांव के एक किराना स्टोर पर सामान उतारने आई डीसीएम को बैक करते समय उसमें बिजली का तार फंस गया. वाहन के आगे बढ़ते ही बिजली का पोल टूटकर सड़क से गुजर रही कक्षा नौ की छात्रा रागिनी पर गिर पड़ा. इस हादसे में छात्रा की मौके पर ही जान चली गई, जबकि उसके साथ मौजूद दूसरी किशोरी ने भागकर अपनी जान बचाई.
सामान लेने घर से निकली थी 14 वर्षीय रागिनी
बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र स्थित बिहगवां गांव में रागिनी रविवार देर शाम अपने घर से दुकान पर सामान लेने जा रही थी. उसी दौरान किराना स्टोर के पास बैक हो रही डीसीएम में बिजली की मेन लाइन का तार उलझ गया. चालक ने जैसे ही गाड़ी आगे बढ़ाई, जर्जर पोल अचानक भरभराकर गिर पड़ा. रागिनी सीधे उसकी चपेट में आ गई और गंभीर रूप से घायल होकर दम तोड़ दिया.
सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर हुआ वायरल
इस दर्दनाक हादसे की भयावह तस्वीरें पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गईं. सोमवार को हादसे का लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है. वीडियो देखकर हर कोई सिहर उठ रहा है. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई.
परिजनों में कोहराम, पुलिस जांच में जुटी
असमय हुई मौत से रागिनी के परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में मातम पसरा है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. बेहटा गोकुल थाना प्रभारी मार्कण्डेय सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.
प्रशांत पाठक