यूपी के बाराबंकी में सूफी संत हाजी वारिस अली शाह के देवा शरीफ में ऐतिहासिक 10 दिवसीय देवा मेला-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ. परंपरा के मुताबिक, जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह की पत्नी आईएएस रिया केजरीवाल ने शेख मोहम्मद हसन गेट पर फीता काटकर और सफेद कबूतर उड़ाकर मेले का औपचारिक उद्घाटन किया.
यह आयोजन गंगा-जमुनी तहजीब और कौमी एकता को बढ़ावा देने के लिए किया गया. शहनाई की धुन, पीएसी बैंड की प्रस्तुतियों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए मेले की शुरुआत हुई. जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए हैं.
शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और रंगारंग माहौल
मेले के पहले दिन शहनाई की मधुर धुनों और पीएसी बैंड की प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया. शाम को आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया.
बहार सुगम संगीत प्रभाग के छात्र-छात्राओं ने गणेश वंदना और सूफियाना कव्वाली प्रस्तुत की. इसके अलावा शिवराजे म्यूजिकल बैंड ने बॉलीवुड गीतों के मैशअप से दर्शकों का मन मोह लिया और स्कूल की छात्राओं ने ‘महिषासुर मर्दिनी’ गीत पर मनोहारी नृत्य प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं.
सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम और अगले दिन का प्लान
जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने बताया कि मेले में देश के मशहूर कलाकार आएंगे और श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं. वहीं पुलिस अधीक्षक रवीना त्यागी ने कहा कि सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, जिसमें सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से निगरानी शामिल है. 28 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से खेलकूद मैदान में हॉकी प्रतियोगिता और ऑडिटोरियम में सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे. शाम को सुगम संगीत के बाद इंडियन आइडल फेम मोहम्मद दानिश अपनी संगीतमय प्रस्तुति देंगे.
सैयद रेहान मुस्तफ़ा