मेरठ के सर्राफा बाजार में खरीदारी करने आई एक महिला के पर्स से लाखों रुपये के 7 सोने के जेवर चोरी हो गए. पुलिस जांच में पता चला कि वारदात को अंजाम देने के लिए दिल्ली से एक पति-पत्नी मेरठ पहुंचे थे. बुर्के की आड़ में महिला ने गहनों पर हाथ साफ किया, जबकि उसका पति भी साथ दे रहा था. CCTV और पुलिस की जांच के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया और चोरी के जेवर भी बरामद कर लिए गए.
मामला मेरठ के देहली गेट थाना क्षेत्र का है. 13 जून को हापुड़ रोड स्थित भवानी नगर की रहने वाली आसफा खान ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने बताया कि सर्राफा बाजार में उनके लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी हो गए हैं. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी.
जांच के दौरान पुलिस ने बाजार और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. कई घंटों की फुटेज और तकनीकी जांच के बाद पुलिस को संदिग्ध कपल के बारे में अहम सुराग मिले. इसके बाद देहली गेट पुलिस ने मेरठ कैंट क्षेत्र के जीटीबी रोड के पास से दिल्ली के रहने वाले यूसुफ खान और उसकी पत्नी नगमा को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए आभूषण भी बरामद हुए हैं. बरामद सामान में सोने की दो चेन, चूड़ियां, पेंडेंट, टॉप्स, झुमकी और मोतियों की माला शामिल हैं. पुलिस का कहना है कि बरामद गहनों की पहचान पीड़िता द्वारा कर ली गई है.
यह भी पढ़ें: 'जेवरात चोरी किए, चाकू से हमला किया और...', महिला ने पति पर लगाए आरोप
सीओ कोतवाली संग्राम सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी कपल चोरी की वारदात को अंजाम देने मेरठ आया था. बाजार में मौका मिलते ही दोनों ने महिला के गहने चोरी कर लिए और वापस निकलने की तैयारी में थे. लेकिन पुलिस ने जांच के बाद उन्हें पकड़ लिया.
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी यूसुफ खान का आपराधिक इतिहास भी रहा है. उसके खिलाफ दिल्ली में चोरी के छह केस पहले से दर्ज हैं. ऐसे में पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि क्या इस कपल ने मेरठ या पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अन्य जिलों में भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम दिया है. फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.
उस्मान चौधरी