कुआं पूजन और जागरण के दौरान दो समुदायों में टकराव, 14 नामजद और 50 अज्ञात पर FIR

बुलंदशहर के गिनोरा शेख गांव में कुआं पूजन और जागरण के दौरान डीजे बजाने को लेकर दो समुदायों के बीच विवाद हो गया. आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोग दलित परिवार के घर में घुस गए और महिलाओं से मारपीट की. पुलिस ने 14 नामजद और 50 अज्ञात के खिलाफ FIR दर्ज कर 7 लोगों को हिरासत में लिया है.

Advertisement
बुलंदशहर के गिनोरा शेख गांव में डीजे को लेकर भड़का विवाद (Photo: Screengrab) बुलंदशहर के गिनोरा शेख गांव में डीजे को लेकर भड़का विवाद (Photo: Screengrab)

मुकुल शर्मा

  • बुलंदशहर,
  • 24 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 7:26 PM IST

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र के गिनोरा शेख गांव में कुआं पूजन और जागरण के कार्यक्रम के दौरान डीजे बजाने को लेकर दो समुदाय आमने-सामने आ गए. देर रात शुरू हुआ यह विवाद धीरे-धीरे बढ़ता गया और दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और हाथापाई की नौबत आ गई. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया.

जानकारी के अनुसार गांव में एक दलित परिवार के यहां बच्चे के जन्म के अवसर पर कुआं पूजन और जागरण का कार्यक्रम चल रहा था. कार्यक्रम में डीजे बजाया जा रहा था. इसी दौरान दूसरे समुदाय के कुछ लोगों ने डीजे की आवाज को लेकर आपत्ति जताई. देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो बाद में झड़प में बदल गई.

Advertisement

दलित परिवार के घर में घुसकर मारपीट का आरोप

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर मुस्लिम पक्ष के कुछ दर्जन लोग उनके घर में घुस आए और वहां मौजूद महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की. साथ ही जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करने का भी आरोप लगाया गया है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच बहस और विवाद दिखाई दे रहा है.

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. वरिष्ठ अधिकारियों ने भी मामले को गंभीरता से लिया. एसपी सिटी शंकर प्रसाद ने बताया कि एक पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और विधिक कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने कहा कि गांव में पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और शांति व्यवस्था कायम है.

Advertisement

घटना का वीडियो वायरल, गांव में तनाव का माहौल

पुलिस का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी को भी कानून व्यवस्था बिगाड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement