उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में एक महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं. पीड़िता का कहना है कि पहले उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया गया, फिर मारपीट कर तीन तलाक दे दिया गया. इसके बाद दोबारा निकाह कराने का भरोसा देकर उसे घर वापस ले जाया गया और कथित तौर पर हलाला के नाम पर उसके जेठ ने जबरन दुष्कर्म किया. मामले में पुलिस ने पति, जेठ और अन्य ससुराल वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
शादी के बाद से ही दहेज प्रताड़ना
पीड़िता शेरकोट कस्बे की रहने वाली है. उसके अनुसार करीब एक वर्ष पहले उसका निकाह नहटौर के मोहल्ला सादात निवासी नदीम से हुआ था. विवाह में उसके परिजनों ने अपनी क्षमता के अनुसार फ्रिज, वाशिंग मशीन, फर्नीचर, डबल बेड, सोफा सेट, मोटरसाइकिल, सोने-चांदी के आभूषण और दो लाख रुपये नकद दिए थे. इसके बावजूद ससुराल पक्ष दहेज से संतुष्ट नहीं था और शादी के बाद से ही उसे मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा.
तीन बार तलाक बोलकर घर से निकाला
महिला का आरोप है कि 19 मई की रात करीब 11 बजे उसके पति ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की. उसने आरोप लगाया कि पेट पर लात मारने से ऑपरेशन के दौरान लगे टांकों में भी दर्द होने लगा. इसी दौरान पति ने तीन बार तलाक बोलकर उसे घर से निकाल दिया.
पीड़िता के मुताबिक अगले दिन वह नहटौर थाने पहुंची और शिकायत दी. आरोप है कि थाने के बाहर पति और उसके परिजन मिले तथा दोबारा निकाह कर साथ रखने का आश्वासन देकर उसे वापस घर ले गए. महिला का कहना है कि 30 मई को दोबारा निकाह से पहले पति ने कहा कि पहले उसे उसके बड़े भाई वसीम के साथ हलाला करना होगा, तभी निकाह संभव होगा.
मारपीट कर घर में किया कैद
महिला ने आरोप लगाया कि उसने इसका विरोध किया, लेकिन इसके बावजूद उसके जेठ वसीम ने हलाला के नाम पर उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए. पीड़िता का यह भी आरोप है कि घटना के बाद उसे घर से बाहर निकलने और अपने मायके वालों से संपर्क करने से रोका गया. विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और उसे बंधक बनाकर रखा गया.
कुछ समय बाद उसने किसी तरह अपने परिजनों से संपर्क किया. इसके बाद उसकी भाभी उसे अपने साथ मायके ले गई. पीड़िता का आरोप है कि जब उसने नहटौर थाने में पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की तो मुकदमा दर्ज नहीं किया गया. इसके बाद उसने बिजनौर पहुंचकर पुलिस अधीक्षक से शिकायत की.
हलाला के नाम पर जेठ से कराया रेप
एसपी के निर्देश पर पुलिस ने पति नदीम के खिलाफ मारपीट, दहेज उत्पीड़न और संबंधित कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. वहीं जेठ वसीम के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है. जेठानी नगमा पर भी आरोपों में सहयोग करने के संबंध में केस दर्ज किया गया है.
इस मामले में सीओ अफजलगढ़ आलोक कुमार ने मुकदमा दर्ज होने की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है. मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है. जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
संजीव शर्मा