बिजनौर: घर आए रिश्तेदार के पास 2 लाख देखकर डोल गया ईमान, पहले गला घोंटा फिर पेट्रोल छिड़क फूंक दिया शव, ब्रेसलेट से हुई पहचान

बिजनौर में लालच और धोखे की एक सनसनीखेज कहानी सामने आई है. दो लाख रुपये हड़पने के लिए एक शख्स ने अपने ही रिश्तेदार की बेरहमी से हत्या कर दी. पहचान मिटाने के लिए लाश को पेट्रोल डालकर जला दिया गया. पुलिस ने दो महीने बाद झाड़ियों से नरकंकाल बरामद कर मुख्य आरोपी सहित तीन को जेल भेज दिया है.

Advertisement
बिजनौर में इसरार अली के 'कातिल' गिरफ्तार (Photo- Screengrab) बिजनौर में इसरार अली के 'कातिल' गिरफ्तार (Photo- Screengrab)

संजीव शर्मा (बिजनौर)

  • बिजनौर ,
  • 14 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 3:24 PM IST

Uttar Pradesh News: बिजनौर के नूरपुर निवासी व्यापारी इसरार अली की उनके रिश्तेदार आशु सिद्दीकी ने दो दोस्तों शाहनवाज और जाबिर के साथ मिलकर 8 फरवरी को गला घोंटकर हत्या कर दी. इस वारदात को आशु ने इसरार के पास मौजूद दो लाख रुपये हड़पने के लिए अंजाम दिया. आरोपियों ने शव को नूरपुर की दौलतपुर चौकी के पास पोशाक नहर की झाड़ियों में फेंक कर पेट्रोल से जला दिया ताकि पहचान न हो सके. पुलिस ने मोबाइल लोकेशन और सीडीआर के आधार पर जांच करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया. उनकी निशानदेही पर पुलिस ने नहर किनारे से इसरार का जला हुआ कंकाल बरामद किया, जिसकी पहचान परिजनों ने हाथ के ब्रेसलेट से की.

Advertisement

पैसों के लालच ने बनाया कातिल

एसपी पूर्वी अमित किशोर श्रीवास्तव ने बताया कि मृतक इसरार अली अपने रिश्तेदार आशु सिद्दीकी के पास दो लाख रुपये लेकर गया था. इतनी बड़ी रकम देखकर आशु की नीयत बिगड़ गई. उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची और इसरार को गाड़ी में बिठाकर ले गया. रास्ते में गला घोंटने के बाद साक्ष्य मिटाने के लिए शव को पेट्रोल डालकर जला दिया गया.

कंकाल और ब्रेसलेट से खुला राज

इसरार के लापता होने के बाद 8 मार्च को उसके भाई अफसर अली ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी. पुलिस जांच में पता चला कि इसरार आखिरी बार आशु के घर गया था.कड़ाई से पूछताछ में आशु ने अपना गुनाह कबूल कर लिया. पुलिस को मौके से नरकंकाल के साथ वह केन भी मिली है जिससे पेट्रोल लाया गया था. इसके अलावा मृतक के दो मोबाइल भी बरामद किए गए हैं.

Advertisement

मुख्य आरोपी है क्षेत्र पंचायत सदस्य

हैरानी की बात यह है कि हत्याकांड का मास्टरमाइंड आशु सिद्दीकी क्षेत्र पंचायत सदस्य भी है. पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. इस सनसनीखेज खुलासे के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. पुलिस ने मामले की तह तक जाकर सभी सबूतों को इकट्ठा कर लिया है ताकि दोषियों को सख्त सजा दिलाई जा सके.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement