प्रेम विवाह से नाराज पिता-भाई ने किया नवविवाहित जोड़े का अपहरण, 24 घंटे में बरामद

बिजनौर में प्रेम विवाह से नाराज युवती के पिता और भाई ने अपने साथी के साथ मिलकर नवविवाहित जोड़े का कथित तौर पर अपहरण कर लिया. आरोप है कि दोनों को दोस्त के कमरे से जबरन कार में डालकर ले जाया गया और उनके साथ मारपीट की गई. पुलिस ने सर्विलांस और CCTV फुटेज की मदद से 24 घंटे में दोनों को बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया.

Advertisement
तीन लोग गिरफ्तार.(Photo: Sanjeev Sharma/ITG) तीन लोग गिरफ्तार.(Photo: Sanjeev Sharma/ITG)

संजीव शर्मा

  • बिजनौर,
  • 14 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 4:42 PM IST

उत्तर प्रदेश के बिजनौर में प्रेम विवाह से नाराज युवती के पिता और भाई ने अपने साथी के साथ मिलकर नवविवाहित जोड़े का कथित तौर पर अपहरण कर लिया. आरोप है कि युवक और युवती को उनके दोस्त के कमरे से जबरन उठाकर कार में डाल दिया गया. इस दौरान दोनों के साथ मारपीट भी की गई. सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और सर्विलांस व सीसीटीवी फुटेज की मदद से 24 घंटे के भीतर दोनों को सकुशल बरामद कर लिया. पुलिस ने युवती के पिता, भाई और उसके दोस्त को गिरफ्तार किया है. वारदात में इस्तेमाल कार भी बरामद कर ली गई है.

Advertisement

पुलिस के मुताबिक, बिजनौर शहर के गांव जमालपुर पठानी निवासी टीकम सिंह ने कोतवाली थाने में शिकायत देकर बताया कि उनके बेटे ओमेंद्र और बहू मीनाक्षी का अपहरण कर लिया गया है. ओमेंद्र ने कुछ दिन पहले हीमपुर दीपा थाना क्षेत्र के गांव मारकपुर निवासी मीनाक्षी से प्रेम विवाह किया था. दोनों की बिरादरी अलग-अलग बताई गई है. परिजनों की सहमति के बिना शादी करने से युवती के परिवार वाले नाराज थे.

यह भी पढ़ें: बिजनौर के गांव ने पेश की भाईचारे की मिसाल, मुस्लिम महिला के इंतकाल पर रोक दी रामलीला

शिकायत के अनुसार, घटना वाले दिन ओमेंद्र अपनी पत्नी मीनाक्षी को लेकर बिजनौर शहर में रामलीला के पास रहने वाले अपने दोस्त के कमरे पर पहुंचा था. दोनों वहीं रुक गए थे. इसकी जानकारी मीनाक्षी के परिजनों को हो गई. आरोप है कि युवती के पिता, भाई, भाई का दोस्त और उसकी बहन कमरे पर पहुंचे. उन्होंने नवविवाहित जोड़े को जबरन उठाया और कार में डालकर अपने साथ ले गए. ओमेंद्र के दोस्त ने तुरंत इसकी जानकारी उसके पिता टीकम सिंह को दी.

Advertisement

सर्विलांस और CCTV से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

बेटे और बहू के अपहरण की खबर मिलते ही परिवार में हड़कंप मच गया. टीकम सिंह ने पुलिस को घटना की सूचना दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी. जांच के लिए संबंधित मोबाइल नंबरों की सर्विलांस के जरिए पड़ताल की गई और घटनास्थल के साथ संभावित रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई.

पुलिस की जांच में मीनाक्षी के पिता प्रवीण सिंह, उसके भाई भूरे उर्फ सेवानंद और भाई के दोस्त मूलचंद की भूमिका सामने आई. मूलचंद अमरोहा जिले का निवासी है. पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया. साथ ही अपहरण में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद कर ली, जिसमें ओमेंद्र और मीनाक्षी को ले जाया गया था.

आरोप है कि अपहरण के दौरान मीनाक्षी के परिवार वालों ने युवक और युवती के साथ काफी मारपीट की. पुलिस ने दोनों को 24 घंटे के भीतर बरामद कर लिया. इस कार्रवाई के बाद नवविवाहित जोड़े के परिजनों ने राहत की सांस ली. पुलिस अब घटना से जुड़े दूसरे पहलुओं की भी जांच कर रही है.

बिरादरी अलग होने से नाराज था युवती का परिवार

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि ओमेंद्र सिंह और प्रवीण सिंह की बेटी मीनाक्षी के बीच काफी समय से प्रेम संबंध थे. परिवार की सहमति नहीं होने के बावजूद दोनों ने दो दिन पहले प्रेम विवाह कर लिया था. दोनों की बिरादरी अलग होने की बात भी सामने आई है. इसी शादी से नाराज होकर अपहरण की वारदात को अंजाम देने की बात आरोपियों ने बताई है.

Advertisement

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के इरादे से अपहरण समेत संबंधित धाराओं में कार्रवाई की है. ओमेंद्र के परिजनों की शिकायत में मीनाक्षी की बहन जौनी का नाम भी अपहरण में शामिल होने के आरोप के साथ दर्ज कराया गया था. पुलिस उसकी भूमिका की जांच कर रही है. इसके अलावा वारदात में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी पड़ताल की जा रही है.

प्रेम विवाह के बाद नवविवाहित जोड़े के अपहरण की सूचना से पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई थी. पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दोनों को सुरक्षित बरामद कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »