एक्टर बनने का सपना देखने वाला 18 साल का बीबीए छात्र आदित्य अरोड़ा अब इस दुनिया में नहीं है. ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एक सोसायटी में बृहस्पतिवार तड़के उसकी 19वीं मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आदित्य एक्टिंग के क्षेत्र में आगे की पढ़ाई करना चाहता था, लेकिन परिवार की अपेक्षाओं के चलते उसने बीबीए में दाखिला लिया था. हालांकि, क्या पढ़ाई को लेकर असमंजस उसकी मौत की वजह बना, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है. यह घटना सेंट्रल नोएडा के सिटी-2 क्षेत्र में स्थित प्रिस्टीन एवेन्यू सोसायटी की है. पुलिस के मुताबिक, बृहस्पतिवार सुबह करीब चार बजे आदित्य अपने घर से बिना किसी को बताए निकला और सोसायटी के दूसरे टावर में पहुंच गया. वहां 19वीं मंजिल की लॉबी से नीचे गिरने के बाद उसकी मौत हो गई.
आदित्य अरोड़ा अपने परिवार के साथ सोसायटी के टावर-ए में रहता था. घटना के समय वह घर से निकलकर टावर-बी में पहुंचा. इसके बाद 19वीं मंजिल की लॉबी से नीचे गिर गया. घटना की सूचना मिलने पर बिसरख कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आदित्य अपने घर से निकलकर दूसरे टावर में क्यों गया और किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई.
एक्टर बनना चाहता था, बीबीए में लिया था दाखिला
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आदित्य गाजियाबाद के एक निजी कॉलेज से बीबीए प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहा था. बताया गया है कि उसकी रुचि एक्टिंग में थी और वह इस क्षेत्र में आगे की पढ़ाई करना चाहता था. हालांकि, परिवार की अपेक्षाओं के चलते उसने बीबीए में दाखिला लिया था. परिजनों ने पुलिस को बताया कि आदित्य किसी बात को लेकर नाराज था. हालांकि, उसकी नाराजगी की असल वजह क्या थी, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है. यह भी पुष्टि नहीं हुई है कि उसकी नाराजगी का पढ़ाई या करियर को लेकर किसी असमंजस से सीधा संबंध था. एक तरफ आदित्य की एक्टिंग में करियर बनाने की इच्छा की जानकारी सामने आई है, वहीं दूसरी तरफ उसकी मौत की असली वजह अब भी स्पष्ट नहीं है. पुलिस ने फिलहाल पढ़ाई या परिवार की अपेक्षाओं को उसकी मौत का कारण नहीं बताया है.
मौके से नहीं मिला सुसाइड नोट
घटना के बाद पुलिस ने सोसायटी में जांच-पड़ताल की. बिसरख कोतवाली प्रभारी रंजीत सिंह के मुताबिक, घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है. परिजनों की ओर से भी फिलहाल कोई शिकायत नहीं दी गई है. पुलिस के मुताबिक, शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. मामले की जांच की जा रही है. अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आदित्य ने यह कदम क्यों उठाया और घटना से पहले उसके मन में क्या चल रहा था.
आदित्य के परिवार में उसके माता-पिता और एक छोटा भाई हैं. घटना से पहले उसे डांटे जाने या परिवार में किसी विवाद की बात सामने नहीं आई है. ऐसे में पुलिस घटना से जुड़ी परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है. फिलहाल पुलिस ने आदित्य की मौत के कारणों की पुष्टि नहीं की है. एक्टिंग में करियर बनाने की उसकी इच्छा और बीबीए की पढ़ाई से जुड़ी जानकारी शुरुआती स्तर पर सामने आई है, लेकिन इन बातों का घटना से क्या संबंध था, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.
नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)
अरुण त्यागी