बागपत: पुलिस के छापे में पकड़ी गई 'बम फैक्ट्री'! दिवाली से पहले बारूद का खेल बेनकाब, 12 गिरफ्तार

दिवाली से पहले उत्तर प्रदेश के बागपत में पुलिस ने अवैध बारूद और पटाखों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया. इस कार्रवाई के तहत बालैनी और सिंघावली अहीर थाना क्षेत्रों में बम बनाने की अवैध फैक्ट्री पकड़ी गई. पुलिस ने जिलेभर से 500 किलो से अधिक विस्फोटक सामग्री, बारूद और भारी मात्रा में पटाखे बरामद किए. इस मामले में यूपी, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब से जुड़े 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया है.

Advertisement
बागपत में भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद (Photo- ITG) बागपत में भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद (Photo- ITG)

मनुदेव उपाध्याय

  • बागपत ,
  • 30 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 8:56 AM IST

दिवाली से पहले यूपी के बागपत में बारूद के खतरनाक कारोबार का बड़ा खुलासा हुआ है. पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी में अवैध पटाखों की खेप से लेकर बम बनाने की फैक्ट्री तक पकड़ी गई. 150 किलो सुतली बम, 45 किलो बारूद और बम बनाने की मशीनें आदि बरामद हुईं. इसके अलावा पटाखे बनाने के कच्चे माल और केमिकल का भारी जखीरा मिला. जिलेभर में 500 किलो से ज्यादा पटाखे और बारूद समेत विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है. इस पूरे अभियान में यूपी, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब से जुड़े 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया है.

Advertisement

दरअसल, बागपत पुलिस की कार्रवाई में सबसे बड़ा खुलासा बालैनी थाना क्षेत्र के दत्तनगर गांव में हुआ. यहां पुलिस ने अवैध रूप से संचालित बम बनाने की फैक्ट्री पर छापा मारा. पुलिस की दबिश पड़ते ही वहां पटाखे और बम बनाने में जुटे लोग मौके से भाग निकले. हालांकि, पुलिस ने फैक्ट्री में तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और बम बनाने में इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद किया. पुलिस के मुताबिक, मौके से करीब 150 किलो तैयार सुतली बम, 25 किलो अधबने सुतली बम और 45 किलो बारूद मिला. इसके अलावा बम बनाने में इस्तेमाल होने वाली करीब 200 किलो सुतली, 60 किलो पेपर, मशीनें और अन्य उपकरण भी बरामद किए गए.

वहीं, अवैध पटाखों के खिलाफ अभियान के दौरान 26 अक्टूबर 2026 को सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र में भी पुलिस को बड़ी सफलता मिली. यहां भी छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में अधबने स्काई शॉट और पटाखे बनाने में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल बरामद किया गया. पुलिस ने मौके से लाल मिट्टी के 323 कट्टे, पीयूपी के 110 कट्टे, पोटाश के 104 कट्टे, 20 किलो गंधक और पटाखे बनाने में इस्तेमाल होने वाले केमिकल के छह ड्रम बरामद किए. इसके साथ ही बम और पटाखे तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी मिले.

Advertisement

पुलिस के इस अभियान में दिवाली से पहले अवैध पटाखों की बिक्री और भंडारण पर रोक लगाने के लिए बागपत पुलिस ने जिलेभर में विशेष अभियान चलाया. अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में पटाखे बरामद किए गए.

22 अक्टूबर को खेकड़ा क्षेत्र में पुलिस ने करीब 210 किलो अवैध पटाखे पकड़े. बड़ौत कोतवाली क्षेत्र से करीब 50 किलो अवैध पटाखे बरामद किए गए. 23 अक्टूबर को सदर कोतवाली पुलिस ने करीब 90 किलो अवैध पटाखे पकड़े. वहीं, 25 अक्टूबर को भी बड़ौत क्षेत्र में पटाखों से भरे कट्टे और एक वाहन पकड़े जाने की कार्रवाई सामने आई. दोघट थाना क्षेत्र में भी पुलिस ने छह बोरी पटाखे बरामद किए. बागपत पुलिस की इस विशेष कार्रवाई में अब तक 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. इनमें उत्तर प्रदेश के साथ हरियाणा, दिल्ली और पंजाब से जुड़े लोग भी शामिल बताए गए हैं. बागपत में लगातार हो रही छापेमारी से अवैध पटाखा कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »