उत्तर प्रदेश के अयोध्या में स्थित राम मंदिर चढ़ावा चोरी का मामला सुर्खियों में है. रोजाना नए-नए खुलासे हो रहे हैं और जांच का दायरा तेजी से बढ़ता जा रहा है. अब अयोध्या ट्रस्ट में चोरी का मामला सामने आने के बाद अब बैंक खातों में जमा होने वाली रकम में बड़ा अंतर देखने को मिला है.
इस आधार पर एसआईटी को शक है कि ट्रस्ट में लंबे समय से रोजाना लाखों रुपये की चोरी हो रही थी. जांच एजेंसी ने अब इस पूरे मामले में बैंक कर्मियों से पूछताछ शुरू कर दी है और कई अहम दस्तावेज भी अपने कब्जे में ले लिए हैं.
सूत्रों के जानकारी के अनुसार, चोरी का मामला उजागर होने से पहले ट्रस्ट के एसबीआई और पीएनबी बैंक खातों में हर दिन करीब 16 से 18 लाख रुपये जमा हो रहे थे. लेकिन जैसे ही चोरी की बात सामने आई, अब यही रकम बढ़कर 24 से 26 लाख रुपये प्रतिदिन तक पहुंच गई है.
इतनी बड़ी बढ़ोतरी को देखकर जांच में जुटी एसआईटी हैरान है और उसे शक है कि पहले हर दिन करीब 6 से 8 लाख रुपये की चोरी की जा रही थी.
यह भी पढ़ें: अब जमीन पर बैठकर चढ़ावे की काउंटिंग, मोबाइल-बैग-कैमरा पर बैन... राम मंदिर में बदल गए नियम
एसआईटी ने इस पूरे वित्तीय अंतर को अपनी जांच का सबसे अहम हिस्सा बना लिया है. अधिकारी अब यह पता लगाने में जुटे हैं कि आखिर यह पैसा कहां जा रहा था और इसमें कौन कौन लोग शामिल थे. इसी सिलसिले में एसआईटी ने एसबीआई बैंक के मैनेजर समेत कुल 10 बैंक कर्मियों से पूछताछ की है.
पूछताछ के दौरान अधिकारियों ने बैंक से जुड़े सभी जरूरी दस्तावेज और लेनदेन का पूरा हिसाब किताब अपने कब्जे में ले लिया है. अब इन दस्तावेजों की बारीकी से जांच की जा रही है ताकि यह साफ हो सके कि आखिर कहां गड़बड़ी हुई और किसकी मिलीभगत से यह सब हो रहा था.
सूत्रों की मानें तो अब तक की जांच में दो से तीन लोगों की भूमिका पर सवाल उठे हैं. इन लोगों की गतिविधियों को लेकर एसआईटी और गहराई से पड़ताल कर रही है. माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं.
आशीष श्रीवास्तव