मिडिल ईस्ट में अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी युद्ध का असर अब भारत में भी देखने को मिल रहा है. राम की नगरी अयोध्या में चलने वाली प्रसिद्ध सीता रसोई और राम रसोई में ईंधन की कमी के कारण संचालन में दिक्कतें सामने आ रही हैं. पहले यह दावा किया गया था कि ईंधन की कमी से राम रसोई को बंद कर दिया गया है लेकिन बाद में व्यवस्थापक ने बताया कि रसोई बंद नहीं की गई है और वैकल्पिक साधनों के जरिए इसे लगातार चलाया जा रहा है.
जानकारी के मुताबिक राम रसोई में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और जरूरतमंदों के लिए भोजन तैयार किया जाता है लेकिन इन दिनों गैस सिलेंडरों की सप्लाई कम होने के कारण रसोई के संचालन में परेशानी आ रही है. रसोई से जुड़े लोगों का कहना है कि गैस एजेंसियों से बात करने पर भी यही जानकारी मिली है कि फिलहाल सप्लाई कम हो रही है.
बंद नहीं हुई राम रसोई, समय बदला है: संचालक
राम रसोई संचालन के प्रमुख पंकज महाराज ने बताया कि मंगलवार को भी दोपहर करीब दो बजे तक रसोई संचालित की गई. उम्मीद जताई जा रही है कि अगर ईंधन की सप्लाई सामान्य हो जाती है तो पहले की तरह पूरे समय भोजन वितरण जारी रहेगा. उन्होंने कहा कि हालांकि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो वैकल्पिक ईंधन का इस्तेमाल कर व्यवस्था बनाए रखने की कोशिश की जाएगी.
रसोई से जुड़े लोगों ने बताया कि इस समस्या को लेकर जिला प्रशासन से भी संपर्क किया जाएगा. उनका कहना है कि वो जल्द ही जिला अधिकारी से मिलकर गैस की नियमित सप्लाई सुनिश्चित कराने की मांग करेंगे ताकि श्रद्धालुओं के लिए चलने वाली यह सेवा प्रभावित न हो. उन्होंने कहा कि गैस एजेंसी के मालिक ने उन्हें बताया कि गैस की कम आपूर्ति की वजह से सप्लाई में समस्या आ रही है.
अखिलेश यादव ने बीजेपी-सरकार पर साधा निशाना
अयोध्या में सीता रसोई और राम रसोई को सनातन परंपरा से जुड़ी सेवा के रूप में देखा जाता है, जहां रोजाना बड़ी संख्या में लोगों को भोजन कराया जाता है. इसका संचालन पटना के प्रसिद्ध महावीर मंदिर ट्रस्ट के द्वारा किया जाता है.
वहीं गैस की कमी से राम रसोई के बंद होने की खबर को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि भाजपा की गलत नीतियों के कारण अयोध्या में राम रसोई और प्रसाद की सनातनी परंपरा भी टूटती दिखाई दे रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की सनातन विरोधी सोच यहां तक पहुंच जाएगी, यह किसी ने नहीं सोचा था और कहा कि भाजपा जाए तो सदाव्रत आए.
कुमार अभिषेक