सावन मास की कांवड़ यात्रा का औपचारिक आगाज हो गया है. लाखों-करोड़ों शिव भक्त हरिद्वार, ऋषिकेश और गोमुख से गंगाजल भरकर मुजफ्फरनगर के रास्ते दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के विभिन्न स्थानों के लिए रवाना हो रहे हैं. मुजफ्फरनगर जिले की संवेदनशीलता को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. योगी सरकार ने सुरक्षा के लिए भारी पुलिस बल, ड्रोन कैमरों और एटीएस (ATS) की तैनाती की है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डीजीपी और शासन के वरिष्ठ अधिकारी व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं. इस कदम का उद्देश्य यात्रा की पवित्रता बनाए रखना और किसी भी आतंकी या असामाजिक घटना को रोकना है.
ATS की तैनाती और मंत्री कपिल देव अग्रवाल का बयान
यूपी सरकार के मंत्री और मुजफ्फरनगर के विधायक कपिल देव अग्रवाल ने एटीएस की तैनाती पर अपनी बात रखी. उन्होंने बताया कि पवित्र कांवड़ यात्रा में कोई असामाजिक तत्व व्यवधान न डाले और कोई अप्रिय या आतंकी घटना न हो, इसी उद्देश्य से एटीएस लगाई गई है. मंत्री ने कहा कि मुजफ्फरनगर के लोग पलक-पावड़े बिछाकर कांवड़ियों का स्वागत कर रहे हैं. हजारों कांवड़ शिविरों के माध्यम से भोजन, रहने और सेवा की शानदार व्यवस्था की गई है.
असामाजिक तत्वों और उपद्रवियों को सख्त चेतावनी
मंत्री जी ने कहा कि कुछ ऐसे लोग होते हैं जिन्हें यह पवित्र यात्रा पसंद नहीं आती और वे माहौल खराब करने की कोशिश करते हैं. ऐसे असामाजिक तत्वों पर शासन और प्रशासन की कड़ी नजर बनी हुई है. उन्होंने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि जो भी कांवड़ मेले के बीच में विघ्न डालने का प्रयास करेगा, उस पर कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
प्रशासनिक निगरानी और मुख्यमंत्री का स्वागत
सरकार की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ कई दौर की बैठकें की गई हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद सुरक्षा व्यवस्था की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं और कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत कर रहे हैं. मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने सभी श्रद्धालुओं को सावन मास और शिवरात्रि की शुभकामनाएं दीं और शांतिपूर्वक यात्रा संपन्न कराने की अपील की.
संदीप सैनी