समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने नीट यूजी 2026 परीक्षा रद्द किए जाने को लेकर केंद्र की बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने परीक्षा दोबारा कराए जाने की विश्वसनीयता पर सवाल उठाते हुए पूछा कि इसकी क्या गारंटी है कि फिर से पेपर लीक नहीं होगा.
अखिलेश यादव ने X पर पोस्ट करते हुए कहा कि इस खबर ने लाखों छात्रों और उनके परिवारों में बीजेपी की व्यवस्था के खिलाफ गुस्सा और निराशा पैदा कर दी है. उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रणाली की साख लगातार कमजोर होती जा रही है.
नीट मामले पर बीजेपी सरकार को घेरा
UP के पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि जब तक बीजेपी सरकार सत्ता में रहेगी, तब तक परीक्षाओं के पेपर लीक होते रहेंगे. उन्होंने कहा कि परीक्षा व्यवस्था तभी सुधरेगी जब मौजूदा सरकार सत्ता से बाहर होगी. साथ ही उन्होंने बीजेपी सरकार को पूरी तरह विफल करार दिया.
अखिलेश यादव ने लिखा, 'ये क्या गारंटी कि दुबारा करवाने पर परीक्षा फिर लीक नहीं होगी. इस समाचार से लाखों बच्चों और उनके करोड़ो परिजनों के बीच भाजपा की भ्रष्टाचारी व्यवस्था के विरुध्द बेहद आक्रोश और हताशा है. जब तक भ्रष्ट भाजपा सरकार रहेगी, 'लीक' की लीक पर ही परीक्षा प्रणाली चलती रहेगी. जब तक भाजपा सरकार रहेगी परीक्षा होती रहेगी लीक, भाजपा के जाने के बाद ही परीक्षा प्रणाली होगी ठीक. भाजपा सरकार मतलब नाकाम सरकार!'
नीट यूजी 2026 रद्द
दरअसल, राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने तीन मई को आयोजित नीट यूजी 2026 परीक्षा को रद्द करने का ऐलान किया है. एजेंसी ने कहा है कि परीक्षा दोबारा कराई जाएगी, जिसकी नई तारीख बाद में घोषित की जाएगी.
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने यह भी बताया कि परीक्षा से जुड़े पेपर लीक के आरोपों की व्यापक जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो करेगा. इस फैसले के बाद देशभर में छात्रों और अभिभावकों के बीच नाराजगी और चिंता का माहौल है.
aajtak.in