नींद की गोलियां, जहरीली खीर और बाथरूम में कब्र... 'कातिल' रूबी की जुबानी, पति के हत्या की खौफनाक कहानी!

आगरा के सिकंदरा में पति की हत्या के मामले में आरोपी पत्नी रूबी ने पुलिस पूछताछ में ऐसी कहानी सुनाई, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया. आरोप है कि उसने पहले पति को खीर में 15-16 नींद की गोलियां खिलाईं, फिर शव को बाथरूम में दफनाकर ऊपर सीमेंट का फर्श बनवा दिया. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

Advertisement
रोने का नाटक और पुलिस को करती रही गुमराह.(Photo: ITG) रोने का नाटक और पुलिस को करती रही गुमराह.(Photo: ITG)

अरविंद शर्मा

  • आगरा,
  • 04 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 6:34 PM IST

उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के सिकंदरा थाना क्षेत्र में सामने आए सनसनीखेज पति हत्याकांड में पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी पत्नी रूबी ने जो घटनाक्रम बताया है, उसने जांच टीम के साथ-साथ पूरे इलाके को हैरान कर दिया है. पुलिस के अनुसार, रूबी ने दावा किया कि उसने पहले पति सुरेंद्र शर्मा को खीर में 15-16 नींद की गोलियां मिलाकर खिलाईं. जब वह बेसुध हो गया तो उसकी हत्या कर दी और अगले दिन अकेले ही शव को बाथरूम तक घसीटकर ले गई.

Advertisement

पुलिस के मुताबिक, रूबी ने बाथरूम में पहले से गड्ढा तैयार किया, शव को उसमें दफनाया और ऊपर से खुद ही मिट्टी डालकर जमीन समतल कर दी. इसके बाद किसी को शक न हो, इसलिए उसने मिस्त्री बुलाकर बाथरूम ऊंचा कराने का बहाना बनाया और पूरे फर्श पर सीमेंट का प्लास्टर करवा दिया. कई दिनों तक किसी को भनक तक नहीं लगी कि उसी फर्श के नीचे सुरेंद्र शर्मा का शव दफन है.

यह भी पढ़ें: 45 दिन तक फर्श के नीचे दफन था पति, सोनम रघुवंशी और सिया के बाद आगरा के 'बाथरूम मर्डर' ने उड़ाए होश

मृतक की पहचान राजस्थान के भरतपुर निवासी 44 वर्षीय सुरेंद्र कुमार शर्मा के रूप में हुई है. वह आगरा के रेणुका धाम कॉलोनी में पत्नी रूबी, मां कमला देवी और दो बेटियों रिद्धि (13) और सिद्धि (9) के साथ रहते थे. 18 मई 2026 से उनके लापता होने के बाद 26 मई को बड़े भाई अनिल शर्मा ने सिकंदरा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी.

Advertisement

रोने का नाटक करती रही, पुलिस को भी करती रही गुमराह

जांच के दौरान रूबी लगातार यही कहती रही कि सुरेंद्र उससे झगड़ा करके पांच हजार रुपये लेकर घर छोड़कर चले गए हैं. वह खुद भी कुछ दिनों के लिए राजस्थान चली गई. इस दौरान वह पुलिस के साथ सीसीटीवी फुटेज देखती रही, पति की याद में रोने का नाटक करती रही और हर बार अलग-अलग बयान देकर जांच को भटकाने की कोशिश करती रही.

मृतक के बड़े भाई अनिल शर्मा ने बताया कि 18 मई की सुबह रूबी का फोन आया था. उसने कहा कि घर में पुलिस का मामला हो गया है, इसलिए मां और दोनों बच्चियों को अपने साथ ले जाएं. उसने यह भी कहा कि घर के अंदर मत आना और बच्चों को बाहर से ही साथ ले जाना. बाद में उसने बताया कि सुरेंद्र घर छोड़कर चले गए हैं और दो-तीन दिन में लौट आएंगे.

19 मई को रूबी भी बच्चों के पास राजस्थान चली गई और करीब एक सप्ताह बाद वापस आगरा लौटी. लेकिन जब कई दिनों तक सुरेंद्र का कोई सुराग नहीं मिला तो परिवार का शक गहराता गया. अनिल शर्मा लगातार उससे पूछताछ करते रहे, लेकिन हर बार उन्हें नई कहानी सुनने को मिली.

Advertisement

भाई ने कहा- सच बता दो, तभी टूटी रूबी की चुप्पी

शुक्रवार को अनिल शर्मा सीधे रूबी के घर पहुंचे. उन्होंने उससे कहा कि अगर कोई परेशानी है तो सच बता दो, वह उसका साथ देंगे और बचाने की कोशिश करेंगे. इसी बातचीत के दौरान रूबी टूट गई और उसने कथित तौर पर स्वीकार कर लिया कि उसने पति का शव बाथरूम के फर्श के नीचे दबा रखा है.

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. बाथरूम का फर्श तोड़ा गया तो उसके नीचे से सुरेंद्र शर्मा का कंकाल बरामद हुआ. शव पूरी तरह गल चुका था. पुलिस ने अवशेषों को पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के कारणों की वैज्ञानिक पुष्टि हो सके.

इस खुलासे के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. जिस बाथरूम का लोग सामान्य तरीके से इस्तेमाल कर रहे थे, उसी के नीचे कई हफ्तों से शव दबा हुआ था.

पुलिस बोली- आरोपी के दावे की हर पहलू से जांच जारी

थाना प्रभारी निरीक्षक सिकंदरा ने बताया कि पूछताछ में रूबी ने बताया है कि उसने खीर में 15-16 नींद की गोलियां मिलाकर पति को खिलाईं. अगले दिन उसने अपनी दोनों बेटियों रिद्धि और सिद्धि तथा सास को जेठ अनिल शर्मा के घर भेज दिया. परिवार को लगा कि सुरेंद्र घर में सो रहे हैं. इसके बाद उसने अकेले ही शव को बाथरूम तक ले जाकर गड्ढे में दफन कर दिया और मिट्टी समतल कर दी.

Advertisement

पुलिस के अनुसार, बाद में उसने मिस्त्री बुलाकर बाथरूम ऊंचा कराने के नाम पर पूरे फर्श पर सीमेंट का प्लास्टर करवा दिया, ताकि किसी को शव दबे होने का संदेह न हो. फिलहाल पुलिस इस कथित घटनाक्रम की पुष्टि सबूतों और फोरेंसिक जांच के आधार पर कर रही है.

रूबी ने पूछताछ में यह भी कहा कि उसका पति शराब पीता था, उसके साथ मारपीट करता था, कोई काम नहीं करता था और घर का खर्च उसकी मां की सरकारी पेंशन से चलता था. पुलिस का कहना है कि आरोपी के इन दावों की भी जांच की जा रही है. मामले के हर पहलू की पड़ताल जारी है और फोरेंसिक रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »