VIDEO: राजा भैया के बाद BJP विधायक बृजभूषण राजपूत की शस्त्र पूजा, दिखाए 200 असलहे और 151 तलवारें

महोबा जिले की चरखारी विधानसभा से भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत ने विजयदशमी के पावन अवसर पर करीब 200 बंदूकों, पिस्तौल, रिवॉल्वर, राइफलों और एक 151 तलवारों का विधि-विधान से पूजन किया है. इस दौरान वैदिक मंत्रोच्चार, आरती और जय श्रीराम के नारों के बीच उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

Advertisement
बृजभूषण राजपूत की शस्त्र पूजा (Photo- ITG) बृजभूषण राजपूत की शस्त्र पूजा (Photo- ITG)

नाह‍िद अंसारी

  • महोबा ,
  • 21 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 9:16 PM IST

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले की कुंडा सीट से विधायक राजा भैया के शस्त्र पूजन के बाद बाद अब एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इस वीडियो में महोबा जिले की चरखारी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत नजर आ रहे हैं. इसमें उन्होंने विजयदशमी के मौके पर अपने आवास पर सार्वजनिक रूप से शस्त्रों का पूजन किया. 

Advertisement

इस धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन के दौरान उन्होंने करीब 200 विभिन्न प्रकार के हथियारों और 151 तलवारों की पूरे विधि-विधान से पूजा की. वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुई इस पूजा में कुलपहाड़ नगर पंचायत के अध्यक्ष सहित उनके लगभग 100 समर्थक उपस्थित रहे. यह आयोजन अधर्म पर धर्म की जीत के प्रतीक के रूप में किया गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा छिड़ गई है.

हथियारों के साथ की गई भव्य पूजा

विजयादशमी के इस विशेष अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मां दुर्गा की प्रतिमा और भगवान श्रीराम के चित्र के सामने भारी संख्या में हथियार सजाए गए थे. सिर पर साफा बांधे हुए विधायक बृजभूषण राजपूत ने एक-एक करके तलवारों पर हल्दी, चावल और तिलक लगाया. इसके साथ ही उन्होंने बंदूकों और राइफलों पर चंदन का टीका लगाकर उन पर रक्षा सूत्र भी बांधा. इस पूरी प्रक्रिया के दौरान विधायक खुद पूजन के लिए रखे गए सभी हथियारों और तलवारों की गिनती करते हुए नजर आए, जिसमें उनके समर्थक भी पूरी तल्लीनता से शामिल रहे.

Advertisement

गूंजे जय श्रीराम और हर-हर महादेव के नारे

पूजा संपन्न होने के बाद वहां मौजूद लोगों ने विधि-विधान से आरती की और उपस्थित सभी समर्थकों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया. इस धार्मिक और उत्सव के माहौल में विधायक और उनके सभी समर्थकों ने मिलकर जय श्रीराम और हर-हर महादेव के नारे लगाए. कार्यक्रम में कुलपहाड़ नगर पंचायत के अध्यक्ष वैभव अरजरिया समेत करीब एक सैकड़ा समर्थक मौजूद रहे. इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है और क्षेत्र में लोगों के बीच चर्चा का प्रमुख विषय बन गया है.

विधायक ने दी प्रतिक्रिया और 2027 का संकल्प

शस्त्र पूजन के बाद मीडिया और समर्थकों से बात करते हुए विधायक बृजभूषण राजपूत ने स्पष्ट किया कि यह पूजन अधर्म पर धर्म और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है. उन्होंने देश, प्रदेश, बुंदेलखंड और अपनी विधानसभा क्षेत्र के सभी लोगों को विजयदशमी की शुभकामनाएं दीं. विधायक ने कहा कि वह किसी को भी अपना विरोधी नहीं मानते हैं और जनसेवा ही उनका मुख्य धर्म व कर्तव्य है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबका साथ, सबका विकास के विचार को आगे बढ़ाने की बात कहते हुए वर्ष 2027 के लिए एक नया संकल्प भी लिया है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »