अगर आपसे पूछा जाए कि एक बिल्ली आखिर कितने साल तक जी सकती है, तो शायद आपका जवाब 15 से 20 साल होगा. लेकिन ब्रिटेन में रहने वाली एक बिल्ली ने इस सोच को गलत साबित कर दिया है. 'मिली' नाम की यह बिल्ली 31 साल की हो चुकी है. इंसानी उम्र के हिसाब से उसकी उम्र करीब 146 साल मानी जा रही है. उसके मालिक का दावा है कि वह दुनिया की सबसे उम्रदराज़ जीवित बिल्ली है.
डेली मेल की रिपोर्ट के मुताबिक, ब्रिटेन के ग्रेटर मैनचेस्टर के स्टॉकपोर्ट में रहने वाले 71 साल के लेस्ली ग्रीनहफ का कहना है कि उनकी टॉरटॉइज़शेल नस्ल की बिल्ली मिली 31 साल की हो चुकी है. हालांकि वह इसे दुनिया की सबसे बूढ़ी बिल्ली के रूप में गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराना चाहते हैं, लेकिन उनके पास इसकी उम्र साबित करने के लिए पूरे दस्तावेज मौजूद नहीं हैं.
3 महीने की उम्र में घर आई थी मिली
मिली पहले लेस्ली की पत्नी पॉला की पालतू बिल्ली थी. पॉला उसे तब घर लाई थीं, जब वह सिर्फ तीन महीने की थी. साल 2020 में कोविड-19 संक्रमण की वजह से पॉला की मौत हो गई. इसके बाद मिली की जिम्मेदारी पूरी तरह लेस्ली ने संभाली.
लेस्ली बताते हैं कि पत्नी के निधन के बाद मिली कई दिनों तक ठीक से खाना भी नहीं खाती थी. वह उसे झींगे और चिकन खिलाकर धीरे-धीरे सामान्य स्थिति में ला पाए. अब वह फिर से सामान्य कैट फूड भी खा लेती है.
यही है लंबी उम्र का राज!
लेस्ली का मानना है कि मिली की लंबी उम्र के पीछे उसकी खास डाइट और आरामदायक जीवनशैली का बड़ा हाथ है. वह बताते हैं कि पिछले 10 साल से मिली सिर्फ बक्सटन मिनरल वॉटर ही पीती है. खाने में उसे सैल्मन, प्रॉन्स, चिकन और टूना दिया जाता है. इसके अलावा उसे खूब प्यार-दुलार मिलता है और अक्सर वह सोफे पर मालिक के साथ आराम करती है.
लेस्ली के मुताबिक, कुछ साल पहले उनके इलाके में पानी की पाइपलाइन का काम चल रहा था. उस दौरान उन्हें घर पर बक्सटन का बोतलबंद पानी दिया जाता था. बाद में जब नल का पानी गंदा आने लगा तो उन्होंने खुद भी वही पानी पीना जारी रखा और मिली को भी वही पानी देना शुरू कर दिया.
गर्मी में दो-दो पंखों के बीच रहती है मिली
ब्रिटेन में हाल ही में पड़ी भीषण गर्मी का असर मिली पर भी पड़ा. उसे गर्मी से बचाने के लिए लेस्ली हमेशा उसके पास दो पंखे चलाकर रखते हैं. इतना ही नहीं, पानी में बर्फ के टुकड़े डालते हैं और ठंडी हवा उसकी तरफ करते हैं, ताकि उसे आराम मिले.
लेस्ली का कहना है कि पहले मोहल्ले की दूसरी बिल्लियां मिली को परेशान करती थीं. इसके बाद उसने बाहर निकलना लगभग छोड़ दिया और घर के अंदर ही रहना पसंद करने लगी.
उनके मुताबिक, अब वह काफी शांत और शर्मीले स्वभाव की हो गई है. शायद यही वजह भी उसकी लंबी उम्र का एक कारण हो सकती है, क्योंकि वह जोखिम भरी परिस्थितियों से दूर रहती है.
सिर्फ एक पुरानी फोटो है सबूत
लेस्ली की सबसे बड़ी इच्छा है कि मिली का नाम दुनिया की सबसे उम्रदराज़ बिल्ली के रूप में गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हो. लेकिन समस्या यह है कि उसकी सही उम्र साबित करने वाला रिकॉर्ड उनकी दिवंगत पत्नी के पास था.
अब उनके पास सिर्फ साल 1995 की एक पुरानी तस्वीर है, जिसमें मिली एक कटोरे में खाना खाती नजर आती है. इसी वजह से वह आधिकारिक तौर पर उसकी उम्र साबित नहीं कर पा रहे हैं.
आज भी मस्ती करती है मिली
31 साल की उम्र होने के बावजूद मिली का रोजमर्रा का रूटीन काफी सामान्य है. वह दोपहर के आसपास उठती है, कुछ देर लेस्ली के साथ खेलती है, फिर धूप में सोफे के पीछे जाकर आराम करती है. कभी-कभी वह बगीचे में भी घूमने निकल जाती है.
लेस्ली कहते हैं कि मुझे इस बात पर बहुत गर्व है कि मिली 31 साल की हो गई है. अगर इंसानी उम्र से तुलना करें तो वह करीब 146 साल की है. मेरी पत्नी आज होतीं तो उसे देखकर बेहद खुश होतीं.
aajtak.in