प्रेग्नेंट महिला का नदी किनारे मिला शव, गायब था गर्भ में पल रहा बच्चा

एक महिला जो 8 महीने की प्रेग्नेंट थी, वो अचानक गायब हो गई. कुछ दिनों बाद एक नदी किनारे उसका शव मिला और उसका अजन्मा बच्चा भी गायब था. इस सनसनीखेज घटना ने स्थानीय पुलिस और प्रशासन के होश उड़ा दिए. चलिए जानते हैं क्या है ये पूरा मामला?

Advertisement
प्रेग्नेंट महिला की चाकू मारकर हत्या करने के बाद उसके गर्भ से बच्चे को निकाल ले गए अपराधी (Photo - Pexels) प्रेग्नेंट महिला की चाकू मारकर हत्या करने के बाद उसके गर्भ से बच्चे को निकाल ले गए अपराधी (Photo - Pexels)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 27 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 3:30 PM IST

आठ महीने की गर्भवती महिला घर से यह कहकर निकली थी कि वह अपने होने वाले बच्चे के लिए कुछ गिफ्ट लेने जा रही है. लेकिन कुछ दिनों बाद उसका शव नदी किनारे मिला. सबसे हैरान करने वाली बात यह थी कि उसके गर्भ में पल रहा बच्चा गायब था. इस दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है.

Advertisement

डेली स्टार की रिपोर्ट के मुताबिक, कोलंबिया के दक्षिण-पश्चिमी शहर केली की रहने वाली 21 साल की मारिया कैमिला पोटोसी पिछले सप्ताह से लापता थीं. वह आठ महीने की गर्भवती थीं और अगस्त में उनकी डिलीवरी होने वाली थी. परिवार ने बच्चे का नाम पहले से ही अलाहिया रखने का फैसला किया था. कुछ दिन पहले ही उसके लिए बेबी शॉवर की भी तैयारी की गई थी.

डॉक्टर से मिलने के बाद हुई थी गायब
रिपोर्ट के मुताबिक, 16 जुलाई को मारिया नियमित जांच के लिए लॉस पोल्वोरिनेस हेल्थ सेंटर गई थीं. अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि सुबह करीब 9 बजे वह अकेले डॉक्टर से मिलीं और सामान्य जांच के बाद बाहर निकल गईं.

अस्पताल से निकलने के बाद सीसीटीवी कैमरे में वह एक महिला की मोटरसाइकिल पर पीछे बैठकर जाती हुई दिखाई दीं. इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चला.

Advertisement

नदी किनारे मिला शव
परिवार और पुलिस कई दिनों तक उनकी तलाश करते रहे. आखिरकार मेलेंदेज़ नदी के किनारे उनका शव बरामद हुआ. पुलिस के मुताबिक, महिला की चाकू मारकर हत्या की गई थी.

जांच में यह भी सामने आया कि महिला के गर्भ में पल रहा बच्चा वहां नहीं था. इसी वजह से पुलिस अब इस मामले को और गंभीरता से जांच रही है.

मां बोली- शायद मेरी नातिन जिंदा हो
मारिया की मां एना रूबी गोमेज़ ने बताया कि जब उन्हें बेटी के शव के बारे में जानकारी मिली तो सबसे पहले उन्होंने पूछा कि क्या बच्चा अभी भी गर्भ में है. उन्होंने कहा कि मुझे बताया गया कि बच्चा वहां नहीं है. उसी पल मुझे उम्मीद जगी कि शायद मेरी नातिन अभी जिंदा हो. मैं लोगों से अपील करती हूं कि मेरी बच्ची को ढूंढ़ने में हमारी मदद करें.

परिजनों के अनुसार, घटना वाले दिन मारिया अपने बॉयफ्रेंड के घर पर थीं. तभी उन्हें एक महिला का फोन आया. मारिया ने परिवार को बताया कि वह उस महिला के साथ अपने होने वाले बच्चे के लिए गिफ्ट लेने जा रही हैं.

बताया जा रहा है कि मारिया की उस महिला से कुछ समय पहले गर्भवती महिलाओं के लिए बने एक सेंटर में मुलाकात हुई थी. स्थानीय मीडिया के अनुसार, जिस महिला की बाइक पर मारिया बैठी थीं, उसकी पहचान कर ली गई है, लेकिन वह अभी भी फरार है.

Advertisement

इसी बीच एक व्यक्ति कार्लोस रिनकॉन ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर बताया कि संदिग्ध महिला उसकी पूर्व साथी है. उसने कहा कि घटना वाली रात वह घर नहीं लौटी थी. कार्लोस ने यह भी साफ किया कि उसका या उसके परिवार का इस वारदात से कोई संबंध नहीं है.

उसने कहा कि लोग मुझे शक की नजर से देख रहे हैं क्योंकि मैं पहले उस महिला के साथ रिश्ते में था, लेकिन हमें इस घटना के बारे में कुछ भी नहीं पता था. हम भी उसकी बातों पर भरोसा करते थे.

यह भी पढ़ें: टूटी नाव पर 1 महीने समुद्र में भटकता रहा शख्स, इतने दिनों तक ऐसे रहा जिंदा

मारिया का शव मिलने के बाद केली लोकपाल कार्यालय  ने पूरे मामले की तत्काल और गहराई से जांच कराने की मांग की है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम से यह पुष्टि होने के बाद कि बच्चा गर्भ में नहीं था, नवजात की तलाश और भी जरूरी हो गई है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर किसी के पास इस मामले से जुड़ी कोई भी जानकारी हो तो तुरंत आधिकारिक माध्यमों से साझा करें.

फिलहाल पुलिस हत्या और लापता नवजात दोनों मामलों की जांच कर रही है. सबसे बड़ा सवाल यही है कि गर्भ में पल रहा बच्चा कहां है और क्या वह अब भी जिंदा है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »