हवाई जहाज में सफर के दौरान यात्रियों को अक्सर ऐसी चीजों का सामना करना पड़ता है, जिनकी उन्होंने कल्पना भी नहीं की होती. लेकिन सोचिए, अगर उड़ान भरने से ठीक पहले प्लेन के फर्श के नीचे सांप रेंगता हुआ दिखाई दे जाए तो क्या होगा? जापान में एक विमान के साथ कुछ ऐसा ही हुआ. प्लेन के केबिन में कालीन के नीचे सांप नजर आने के बाद हड़कंप मच गया और आखिरकार फ्लाइट को कैंसिल करना पड़ा.
डेली स्टार की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना सोमवार को जापान के फुकुओका एयरपोर्ट पर हुई. यहां जापान एयर कम्यूटर के एक विमान में करीब 40 सेंटीमीटर लंबा सांप दिखाई दिया. इसके बाद सांप की तलाश शुरू हुई, लेकिन यह पता नहीं चल सका कि वह विमान के अंदर पहुंचा कैसे.
फर्श के नीचे रेंग रहा था सांप
क्योडो न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, सोमवार को दोपहर करीब एक बजे फुकुओका एयरपोर्ट पर तैनात एक मैकेनिक ने विमान के केबिन में फर्श पर बिछे कालीन के नीचे सांप को देखा. उस समय विमान का क्रू उड़ान की तैयारी कर रहा था और विमान को रनवे की ओर ले जाने की प्रक्रिया शुरू होने वाली थी.
यह विमान उसी दिन इजुमो एयरपोर्ट से उड़ान भरकर आया था. इसे वहां से यात्रियों को लेकर कागोशिमा प्रांत के लिए रवाना होना था. लेकिन केबिन में सांप मिलने के बाद विमान की उड़ान रद्द कर दी गई.
इसके बाद सांप को ढूंढने के लिए तलाशी अभियान चलाया गया. वन्यजीवों को पकड़ने में माहिर एक विशेषज्ञ की मदद भी ली गई. हालांकि, इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यही बना रहा कि सांप विमान के अंदर पहुंचा कैसे.
विमान में सांप पहुंचने की गुत्थी नहीं सुलझी
करीब 40 सेंटीमीटर लंबे इस सांप को नुकसान न पहुंचाने वाला बताया गया. इसके बावजूद विमान में उसकी मौजूदगी सुरक्षा के लिहाज से गंभीर मामला थी. इसलिए विमान को उड़ान भरने की अनुमति नहीं दी गई.
जापान एयरलाइंस ने इस घटना पर बयान जारी कर यात्रियों को हुई परेशानी के लिए माफी मांगी. कंपनी ने कहा कि हमारी जानकारी के मुताबिक, इससे पहले विमान के केबिन में सांप घुसने का कोई मामला सामने नहीं आया है. यात्रियों को हुई असुविधा के लिए हमें खेद है.
हालांकि, सांप विमान के केबिन तक कैसे पहुंचा, यह रहस्य बना हुआ है. जांच करने वाले अधिकारियों के सामने भी यही सवाल है कि आखिर उड़ान की तैयारी कर रहे विमान के फर्श के नीचे सांप कहां से आ गया.
पहले भी उड़ते विमान में दिख चुका है सांप
विमान में सांप मिलने की यह घटना अकेली नहीं है. इससे पहले जून में भी एक उड़ते विमान में सांप दिखाई देने का मामला सामने आया था. उस समय मेक्सिको से ब्रिटेन की ओर जा रहे एक विमान में हल्के जहरीले सांप के होने की खबर आई थी.
रिपोर्ट के मुताबिक, रात के सफर के दौरान सांप विमान के अंदर रेंगता रहा. लेकिन यात्रियों और क्रू को इसकी जानकारी तब तक नहीं हुई, जब तक विमान लंदन के गैटविक एयरपोर्ट पर नहीं उतर गया. लैंडिंग के बाद सफाई कर रहे एक कर्मचारी की नजर उस पर पड़ी और हड़कंप मच गया.
इसके बाद इंजीनियरों और वन्यजीव विशेषज्ञों ने बोइंग 787-9 ड्रीमलाइनर की तलाशी ली, ताकि सांप का पता लगाया जा सके. लेकिन काफी कोशिशों के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला.
जापान की ताजा घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया कि आखिर सांप जैसे जीव विमान के भीतर कैसे पहुंच जाते हैं. फिलहाल, फुकुओका एयरपोर्ट पर हुई घटना में सांप के विमान तक पहुंचने की वजह सामने नहीं आई है.
aajtak.in