विदेश यात्रा के दौरान अगर आपका पर्स खो जाए और उसमें पैसे, जरूरी चाबियां और महंगा सामान रखा हो, तो किसी की भी हालत खराब हो सकती है. जापान घूमने गई एक भारतीय महिला के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ. उनका पर्स अचानक गायब हो गया, जिसमें करीब 1 लाख रुपये कीमत का सामान था. महिला को लगा कि उनका सब कुछ चोरी हो गया है, लेकिन इसके बाद जो हुआ, उसने उन्हें भावुक कर दिया. भारतीय महिला सोनम मिधा ने सोशल मीडिया पर अपना अनुभव शेयर किया. उन्होंने बताया कि वह जापान में अपनी एक दोस्त के साथ बाहर गई थीं. दोनों एक रेस्टोरेंट पहुंचे थे और वहां जाने के लिए रेंटेड साइकिल का इस्तेमाल किया था. सोनम ने अपना पर्स साइकिल की टोकरी में रखा हुआ था.
रेस्टोरेंट में गईं और भूल गईं पर्स
सोनम और उनकी दोस्त रेस्टोरेंट में खाना खाने चली गईं. वहां उन्होंने करीब एक घंटे तक समय बिताया. लेकिन जब वह वापस साइकिल के पास पहुंचीं तो अचानक उन्हें एहसास हुआ कि उनका पर्स गायब है. पहले तो उन्हें समझ नहीं आया कि क्या हुआ. फिर उन्हें याद आया कि वह पर्स साइकिल की टोकरी में रखकर ही रेस्टोरेंट के अंदर चली गई थीं. सोनम वापस उस जगह पर गईं और आसपास पर्स ढूंढने की कोशिश की, लेकिन वह कहीं नहीं मिला. अब उनकी चिंता बढ़ने लगी. दरअसल, पर्स में सिर्फ कुछ पैसे ही नहीं थे. उसमें उनके घर की चाबियां और हाल ही में खरीदा गया एक महंगा माइक्रोफोन भी रखा था. कुल मिलाकर उनके मुताबिक पर्स में रखा सामान करीब 1 लाख रुपये का था.
पर्स नहीं मिलने के बाद सोनम घबरा गईं. उन्हें लगा कि किसी ने उनका सामान चुरा लिया है. आखिरकार उन्होंने पुलिस स्टेशन जाकर इसकी शिकायत करने का फैसला किया. वह पुलिस स्टेशन पहुंचीं और अधिकारियों को बताया कि उनका पर्स गायब हो गया है. उन्होंने पुलिस को पर्स के अंदर रखे सामान के बारे में जानकारी दी. लेकिन इसके बाद पुलिस अधिकारी ने उन्हें जो बताया, उसे सुनकर वह हैरान रह गईं.
अजनबी पहले ही पहुंचा चुका था पर्स
पुलिस अधिकारी ने सोनम को बताया कि कुछ समय पहले ही किसी व्यक्ति ने एक पर्स पुलिस स्टेशन में जमा कराया है. जब सोनम ने वह पर्स देखा तो वह उनका ही था. सबसे बड़ी बात यह थी कि पर्स के अंदर रखा उनका सामान भी सुरक्षित था. कैश, चाबियां और महंगा गैजेट, सब कुछ उसी तरह मौजूद था. जिस अजनबी व्यक्ति को यह पर्स मिला था, उसने उसे अपने पास रखने के बजाय सीधे पुलिस के पास जमा करा दिया. इतना ही नहीं, उस व्यक्ति ने अपनी पहचान भी जाहिर नहीं की. यह देखकर सोनम बेहद भावुक हो गईं. उन्होंने अपने वीडियो में कहा कि उनका रोने का मन हो रहा है. वह इस बात से काफी खुश थीं कि किसी अजनबी ने इतना कीमती सामान मिलने के बाद भी ईमानदारी दिखाई और सब कुछ वापस कर दिया.
जापान के लोगों की ईमानदारी की हो रही तारीफ
सोनम ने इस घटना के बाद जापान और वहां के लोगों का धन्यवाद किया. उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा और कई लोगों ने इस घटना पर अपनी प्रतिक्रिया दी. कुछ लोगों ने लिखा कि जापान में उन्हें भी इसी तरह का अनुभव हुआ है. एक यूजर ने बताया कि उसका खोया हुआ वॉलेट बाद में पुलिस स्टेशन से वापस मिल गया था. हालांकि, यह मामला सोशल मीडिया पर शेयर किए गए अनुभव पर आधारित है और रिपोर्ट में भी बताया गया है कि दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की गई है. फिर भी इस घटना ने लोगों को ईमानदारी और इंसानियत की एक खूबसूरत मिसाल जरूर दिखाई.
aajtak.in