विदेश जाकर काम करने का अनुभव कई लोगों के लिए सिर्फ करियर ही नहीं, बल्कि सोच और जीवनशैली भी बदल देता है. ऐसा ही एक अनुभव इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा में है, जिसे एक भारतीय प्रोफेशनल ने शेयर किया है.
नीदरलैंड्स में रहने वाले अनुज शर्मा नाम के इस शख्स ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया है.उसमें वो नीडरलैंड के वर्क कल्चर के बारे में बताया है. अपनी पोस्ट में उसने लिखा है कि भारत से वहां जाने के बाद उनकी जिंदगी को देखने का नजरिया कैसे बदल गया. उन्होंने अपने पोस्ट में उन चीजों का जिक्र किया, जिन्होंने उन्हें सबसे ज्यादा हैरान किया.
सेविंग्स और वर्क-लाइफ बैलेंस ने किया हैरान
अनुज शर्मा के मुताबिक, सबसे बड़ा बदलाव उन्होंने अपनी सेविंग्स में महसूस किया. उनका कहना है कि किराया, ग्रोसरी और ट्रैवल खर्च के बाद भी हर महीने अच्छी बचत हो जाती है, जिससे भविष्य को लेकर आत्मविश्वास बढ़ता है.
उन्होंने यह भी बताया कि नीदरलैंड्स में काम और निजी जिंदगी के बीच संतुलन बेहतर है. लोग समय पर काम खत्म कर लेते हैं और शाम का समय पूरी तरह अपने लिए होता है. इससे आराम करने, अपने शौक पूरे करने और खुद पर ध्यान देने का मौका मिलता है.
काम में सम्मान और साफ रास्ता
अनुज ने यह भी साझा किया कि एक विदेशी होने के बावजूद उन्हें कार्यस्थल पर पूरा सम्मान मिला. उनके विचारों को सुना गया और उन्हें ऐसा महसूस हुआ कि उनका काम मायने रखता है.
उन्होंने करियर ग्रोथ को लेकर भी एक अहम बात कही. उनके अनुसार वहां प्रोफेशनल ग्रोथ का रास्ता साफ और व्यवस्थित होता है. यह स्पष्ट रहता है कि आगे बढ़ने के लिए क्या करना है, जिससे भ्रम कम होता है और व्यक्ति अपने काम पर बेहतर ध्यान दे पाता है.
जिंदगी में आया बदलाव
समय के साथ अनुज ने अपनी लाइफस्टाइल में भी बदलाव महसूस किया. उनका कहना है कि अब वे उन चीजों का अनुभव कर पा रहे हैं, जो पहले लग्जरी लगती थीं. सबसे खास बात यह रही कि जीवन में एक स्थिरता और सुकून महसूस होने लगा.
उनके मुताबिक, वहां की जिंदगी ज्यादा व्यवस्थित और अनुमानित है, जिससे रोजमर्रा का तनाव कम हो जाता है और व्यक्ति खुद पर ज्यादा नियंत्रण महसूस करता है.
सोशल मीडिया पर क्या बोले लोग
अनुज शर्मा के इस वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर्स की काफी सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिली. कई लोगों ने इसे प्रेरणादायक बताया, तो कुछ ने उनके अनुभव से सहमति जताई. यूजर्स का कहना है कि इस तरह के अनुभव लोगों को नई सोच देते हैं और जीवन को अलग नजरिए से देखने में मदद करते हैं.
aajtak.in