क्या कोई कार ट्रेन के ट्रैक पर दौड़ सकती है? अमेरिका में एक 70 साल की महिला ने कुछ ऐसा ही कर दिखाया. वह GPS के निर्देशों का पालन करते हुए अपनी SUV लेकर सीधे लाइट रेल ट्रैक पर पहुंच गई और देखते ही देखते ट्रेन स्टेशन के प्लेटफॉर्म तक जा पहुंची.
यह हैरान कर देने वाली घटना अमेरिका के सिएटल शहर के माउंट बेकर लाइट रेल स्टेशन पर हुई. मंगलवार शाम यात्रियों की आंखें उस समय फटी रह गईं, जब एक लाल रंग की Mazda CX-5 SUV ट्रेनों के लिए बने ट्रैक पर चलती हुई स्टेशन पर पहुंच गई.
प्लेटफॉर्म पर कार देखकर चौंक गए लोग
द सिएटल टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्रियों को पहले तो अपनी आंखों पर यकीन ही नहीं हुआ. उन्होंने देखा कि एक SUV ट्रैक पर चलती हुई स्टेशन के प्लेटफॉर्म के पास आकर रुक गई.लोगों का कहना है कि कार के ट्रैक पर चलने के दौरान घिसटने और तेज आवाजें भी सुनाई दे रही थीं. इसके बावजूद महिला लगातार गाड़ी चलाती रही और आखिरकार एलिवेटेड स्टेशन तक पहुंच गई.
महिला बोली- GPS के निर्देशों का कर रही थी पालन
पुलिस ने बताया कि महिला ने पूछताछ में कहा कि वह GPS के बताए रास्ते पर चल रही थी और गलती से रेल ट्रैक पर पहुंच गई. अधिकारियों का कहना है कि अभी यह पता लगाया जा रहा है कि वह आखिर ट्रैक तक पहुंची कैसे.
कुछ लोगों का मानना है कि महिला सड़क के किनारे मौजूद एक ऐसे हिस्से से ट्रैक पर चढ़ गई, जहां रेल लाइन और सड़क काफी करीब हैं. इसके बाद वह करीब आधा मील तक ट्रैक पर गाड़ी चलाती रही.
देखें वायरल वीडियो
ट्रेन सेवा रोकनी पड़ी
इस घटना के बाद रेल अधिकारियों को कुछ समय के लिए ट्रेन सेवा रोकनी पड़ी. यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए शटल बसों की व्यवस्था की गई, जबकि कर्मचारी SUV को ट्रैक से हटाने में जुट गए.
बाद में एक विशेष रेल मेंटेनेंस वाहन की मदद से कार को ट्रैक से हटाया गया. इसके बाद ट्रैक का निरीक्षण किया गया और सेवा दोबारा शुरू कर दी गई.
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ मामला
घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए. कई लोगों ने हैरानी जताई कि GPS किसी को रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंचा सकता है. वहीं कुछ यूजर्स ने मजाक करते हुए लिखा कि नेविगेशन सिस्टम ने 'अगले ट्रैक पर मुड़ें' वाले निर्देश को कुछ ज्यादा ही गंभीरता से ले लिया.पुलिस के मुताबिक, महिला नशे में नहीं थी, लेकिन वह कुछ भ्रमित नजर आ रही थी और सवालों के जवाब देने में काफी समय ले रही थी. एहतियात के तौर पर उसे अस्पताल भी ले जाया गया.फिलहाल जांच जारी है कि आखिर महिला इतनी दूर तक रेल नेटवर्क पर गाड़ी चलाकर स्टेशन प्लेटफॉर्म तक कैसे पहुंच गई, जहां यात्रियों को ट्रेन का इंतजार था, कार का नहीं.
aajtak.in