सोचिए, 30 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहे विमान के तीनों पायलट अचानक बीमार पड़ जाएं, तो क्या होगा? ऐसा ही एक हैरान करने वाला मामला ब्रिटिश एयरवेज की हैदराबाद से लंदन जा रही फ्लाइट में सामने आया. उड़ान के दौरान तीनों पायलटों की तबीयत बिगड़ गई. हालांकि, मुश्किल हालात के बावजूद विमान को सुरक्षित लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट पर उतार लिया गया.
यह घटना ब्रिटिश एयरवेज की हैदराबाद से लंदन हीथ्रो जा रही करीब साढ़े 10 घंटे की उड़ान में हुई. डेली स्टार की रिपोर्ट के मुताबिक, विमान लगभग 30 हजार फीट की ऊंचाई पर था, तभी एक फर्स्ट ऑफिसर की अचानक तबीयत खराब हो गई.
हालत इतनी बिगड़ी कि देना पड़ा ऑक्सीजन
बताया गया कि पायलट की हालत इतनी खराब हो गई कि वह विमान उड़ाने की स्थिति में नहीं रहा. उसे ऑक्सीजन भी देनी पड़ी. इसी बीच बाकी दो पायलटों में भी फूड पॉइजनिंग जैसे लक्षण दिखाई देने लगे. तबीयत ठीक नहीं होने के बावजूद दोनों पायलटों ने हिम्मत नहीं हारी और किसी तरह बोइंग 777 विमान को सुरक्षित लंदन हीथ्रो एयरपोर्ट तक पहुंचा दिया.
लंदन पहुंचते ही तीनों को लेनी पड़ी मेडिकल मदद
रिपोर्ट के अनुसार, विमान के सुरक्षित उतरने के बाद तीनों पायलटों की तबीयत और बिगड़ गई. इसके बाद उन्हें तुरंत मेडिकल सहायता लेनी पड़ी. ब्रिटिश एयरवेज का कहना है कि इस पूरी घटना के दौरान यात्रियों की सुरक्षा से कभी समझौता नहीं हुआ और फ्लाइट पूरी तरह सुरक्षित रही. हालांकि, मामले की आंतरिक जांच शुरू कर दी गई है.
हैदराबाद के होटल में ठहरे थे तीनों पायलट
जानकारी के मुताबिक, उड़ान से पहले तीनों पायलट हैदराबाद के एक ही होटल में ठहरे थे. वहीं उन्होंने नाश्ता किया और होटल लाउंज में ड्रिंक्स भी ली थीं. इसके अलावा उन्होंने बाहर की एक कंपनी की ओर से उपलब्ध कराई गई बोतलबंद पानी भी पिया था. अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि आखिर फूड पॉइजनिंग की वजह क्या थी.
तीनों पायलटों ने एयर सेफ्टी रिपोर्ट दाखिल की है. साथ ही उनसे मेडिकल सैंपल भी लिए गए हैं ताकि बीमारी की असली वजह का पता लगाया जा सके. रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि जिस होटल में एयरलाइन क्रू ठहरता है, उसकी साफ-सफाई और खानपान को लेकर पहले भी शिकायतें की जा चुकी हैं. पायलट्स यूनियन BALPA ने भी पहले कई बार इस होटल को लेकर चिंता जताई थी.
यह भी पढ़ें: टेकऑफ होते ही खिड़की टूटी, प्लेन से बाहर आधा लटका पैसेंजर
इस घटना के बाद ब्रिटिश एयरवेज ने कहा है कि वह हैदराबाद में अपने क्रू के ठहरने की व्यवस्था की दोबारा समीक्षा कर रही है. एयरलाइन के प्रवक्ता ने कहा कि हमारे कर्मचारियों की सुरक्षा और सेहत हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है. कुछ अलग-अलग मामलों में बीमारी की शिकायत मिलने के बाद हम हैदराबाद में क्रू के ठहरने की व्यवस्था की समीक्षा कर रहे हैं.
यह घटना एक बार फिर इस सवाल को सामने लेकर आई है कि एयरलाइन कंपनियों को अपने क्रू के खाने-पीने और रहने की व्यवस्था को लेकर कितनी सावधानी बरतनी चाहिए, ताकि एक साथ कई पायलटों के बीमार पड़ने जैसी स्थिति दोबारा न बने.
aajtak.in