शादी हर किसी के लिए खास होती है. इस दिन को यादगार बनाने के लिए दूल्हा-दुल्हन तरह-तरह के फोटोशूट करवाते हैं. कोई खूबसूरत जगह चुनता है तो कोई अलग-अलग तरह के कपड़ों और सजावट के साथ तस्वीरें खिंचवाता है. लेकिन कई बार फोटोशूट के दौरान कुछ ऐसा हो जाता है, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की होती. ऐसा ही एक मजेदार लेकिन डराने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी से पहले फोटोशूट करवा रही एक दुल्हन के लिए बड़े-बड़े गुब्बारे परेशानी की वजह बन गए.
यह मामला तुर्की के इस्तांबुल का है. यहां एक दुल्हन समुद्र के किनारे अपनी शादी से पहले फोटोशूट करवा रही थी. उसने अपने लुक को खास बनाने के लिए हाथ में बड़े-बड़े हल्के भूरे रंग के गुब्बारों का गुलदस्ता पकड़ रखा था. देखने में ये गुब्बारे काफी खूबसूरत लग रहे थे और फोटोशूट के लिए बिल्कुल अलग अंदाज दे रहे थे. लेकिन उस दिन मौसम में तेज हवा चल रही थी. शुरुआत में सब कुछ सामान्य था और दुल्हन आराम से कैमरे के सामने पोज दे रही थी. तभी अचानक हवा का एक तेज झोंका आया. इस झोंके ने गुब्बारों को इतनी तेजी से खींचा कि दुल्हन के लिए खुद को संभालना मुश्किल हो गया.
गुब्बारों ने खींचा तो लड़खड़ाने लगी दुल्हन
हवा का दबाव बढ़ने के साथ ही गुब्बारों का पूरा गुच्छा दुल्हन को अपनी तरफ खींचने लगा. वह खुद को संभालने की कोशिश करती रही, लेकिन तेज हवा के कारण उसके कदम लड़खड़ाने लगे. हालात ऐसे हो गए कि वह अपना संतुलन खोने लगी. अचानक हवा का एक और तेज झोंका आया और गुब्बारे दुल्हन को पास की समुद्र किनारे बनी दीवार की तरफ खींचने लगे. ऐसा लग रहा था कि वह जमीन से ऊपर उठ जाएगी. दुल्हन के लिए उस समय खुद को संभालना काफी मुश्किल हो गया था.
फोटोग्राफर ने तुरंत पकड़ा, टला बड़ा हादसा
हालात बिगड़ते देख वहां मौजूद फोटोग्राफर तुरंत हरकत में आया. उसने तेजी से दुल्हन को पकड़ लिया और उसे गिरने या पास की इमारत से टकराने से बचा लिया. फोटोग्राफर की सूझबूझ की वजह से एक बड़ा हादसा टल गया. राहत की बात यह रही कि इस घटना में दुल्हन को कोई चोट नहीं आई. कुछ देर बाद वह फिर से सामान्य हुई और अपना फोटोशूट भी पूरा किया.
सोशल मीडिया पर चर्चा में आया वीडियो
इस घटना की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं. इनमें देखा जा सकता है कि कैसे तेज हवा के कारण बड़े-बड़े गुब्बारे दुल्हन को खींचने लगते हैं और वह खुद को संभालने की कोशिश करती नजर आती है. जिस फोटोशूट को दुल्हन अपनी जिंदगी की खूबसूरत याद बनाना चाहती थी, वह अचानक डराने वाला अनुभव बन गया. हालांकि, इस घटना ने उसे शादी की तस्वीरों के साथ एक ऐसी कहानी भी दे दी, जिसे वह शायद जिंदगी भर नहीं भूल पाएगी.
aajtak.in