सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कैलिफोर्निया के डेल मार स्थित उनके समुद्र किनारे बने लग्जरी घर को दिखाया जा रहा है. वीडियो में दावा किया गया है कि बिल गेट्स ने करोड़ों रुपये में खरीदे इस घर को बाद में पूरी तरह तुड़वाकर दोबारा बनवाया.
370 करोड़ रुपये में खरीदा था समुद्र किनारे बना घर
रिपोर्ट्स के मुताबिक, बिल गेट्स और उनकी तत्कालीन पत्नी मेलिंडा गेट्स ने मार्च 2020 में कैलिफोर्निया के डेल मार इलाके में समुद्र के किनारे स्थित यह प्रॉपर्टी 4.3 करोड़ डॉलर (करीब 370 करोड़ रुपये) में खरीदी थी. उस समय यह सैन डिएगो काउंटी की सबसे महंगी रिहायशी खरीद में शामिल थी. यह घर पहले अरबपति टी. बून पिकेंस की पूर्व पत्नी मेडेलिन पिकेंस के पास था.
आखिर इस घर में ऐसा क्या खास है?
करीब 5,800 वर्ग फुट में फैले इस बीच हाउस में 6 बेडरूम, 4 बाथरूम, 120 फीट का डायरेक्ट ओशन फ्रंटेज और अलग से 2 बेडरूम का गेस्ट हाउस है. मशहूर आर्किटेक्ट केन रोंकेटी द्वारा डिजाइन किए गए इस घर में समुद्र की ओर खुलने वाली बड़ी ग्लास वॉल्स, ग्लास-टाइल स्विमिंग पूल, 10 लोगों की क्षमता वाला ओशनफ्रंट जकूजी, हेल्थ स्पा, होम थिएटर और कई प्रीमियम सुविधाएं मौजूद थीं.
देखें वायरल वीडियो
नया-नवेला घर फिर क्यों गिरा दिया?
सबसे ज्यादा चर्चा इसी बात की हुई कि अच्छी हालत में होने के बावजूद इस घर को पूरी तरह हटाकर दोबारा बनाया गया. रिपोर्ट्स के मुताबिक, बिल गेट्स ने सिर्फ मरम्मत नहीं करवाई, बल्कि पूरे घर का रीबिल्ड कराया. नए निर्माण में आधुनिक डिजाइन, सोलर पैनल और कई हाई-एंड सुविधाएं जोड़ी गईं. निर्माण के दौरान आसपास रहने वाले लोगों ने शोर और असुविधा की शिकायत भी की थी.
तलाक के बाद और बढ़ी सुर्खियां
2021 में बिल और मेलिंडा गेट्स के तलाक के बाद इस प्रॉपर्टी की चर्चा और तेज हो गई. कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि इस घर को बिल गेट्स के निजी समुद्री अवकाश वाले घर के रूप में तैयार किया गया. हालांकि, कुछ रिपोर्ट्स में किए गए दावों पर बिल गेट्स के प्रवक्ता ने आपत्ति भी जताई थी.
बिल गेट्स के पास आखिर कितने घर हैं?
बिल गेट्स के सभी घरों की आधिकारिक संख्या सार्वजनिक नहीं है, क्योंकि उनकी कई संपत्तियां ट्रस्ट और अलग-अलग कंपनियों के नाम पर दर्ज हैं. फिर भी सार्वजनिक रिकॉर्ड और मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेरिका में उनके पास कम से कम 8 से 10 प्रमुख लग्जरी रिहायशी संपत्तियां हैं.
उनका सबसे मशहूर घर वॉशिंगटन के मेडिना में स्थित Xanadu 2.0 है. लगभग 66,000 वर्ग फुट में फैला यह हाई-टेक घर दुनिया के सबसे आधुनिक निजी आवासों में गिना जाता है. इसके अलावा कैलिफोर्निया, फ्लोरिडा, मोंटाना और अन्य राज्यों में भी उनकी संपत्तियां मौजूद हैं.
डेल मार वाला घर इतना खास क्यों है?
डेल मार कैलिफोर्निया के सबसे प्रीमियम बीच टाउन में गिना जाता है. यहां सीधे समुद्र किनारे बनने वाली प्रॉपर्टियां बेहद कम हैं और नए निर्माण के लिए सख्त नियम लागू हैं. ऐसे में इस इलाके में घर खरीदना और फिर उसे अपनी पसंद के अनुसार दोबारा बनवाना आसान नहीं माना जाता. यही वजह है कि बिल गेट्स का यह बीच हाउस दुनिया की चर्चित लग्जरी प्रॉपर्टीज में शामिल हो गया.
aajtak.in