शादी का दिन हर कपल के लिए खास होता है. महीनों की तैयारी के बाद जब आखिरकार मेहमान जुटते हैं और जश्न शुरू होता है तो हर किसी की नजर दूल्हा-दुल्हन पर होती है. लेकिन ऑस्ट्रेलिया में एक शादी के दौरान ऐसा कुछ हुआ कि मेहमानों को जश्न छोड़कर एक अलग ही काम में जुटना पड़ा. सिडनी में 3 अक्टूबर को एक शादी की रिसेप्शन पार्टी चल रही थी. तभी अचानक तेज आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश और ओले गिरने लगे. देखते ही देखते पानी और ओलों का वजन इवेंट वेन्यू की छत पर जमा होने लगा. छत का एक हिस्सा वजन के कारण नीचे की तरफ झुकने लगा.
छत नीचे झुकने लगी तो मेहमानों ने संभाला मोर्चा
हालात बिगड़ते देख वहां मौजूद कुछ मेहमानों ने कुर्सियां उठाईं और उन्हें छत के नीचे लगाकर उसे ऊपर की तरफ सहारा देने लगे. वायरल वीडियो में कई मेहमान सूट और शादी के कपड़ों में कुर्सियां अपने सिर के ऊपर उठाए दिखाई दे रहे हैं. वे एक साथ खड़े होकर छत के झुके हुए हिस्से को सहारा देने की कोशिश कर रहे थे. नीचे शादी के लिए टेबल सजी हुई थीं. प्लेट, गिलास और नैपकिन भी रखे थे, लेकिन उस वक्त किसी का ध्यान खाने-पीने पर नहीं था.
छत पर जमा हो गया था बारिश और ओलों का पानी
दरअसल, लगातार बारिश और ओले गिरने से छत पर काफी पानी जमा हो गया था. वीडियो में छत का एक हिस्सा बीच से झुका हुआ नजर आता है और उसके ऊपर पानी जमा था. अगर छत का वह हिस्सा और नीचे आता तो अंदर मौजूद लोगों के लिए खतरा बढ़ सकता था. ऐसे में मेहमानों ने बिना समय गंवाए कुर्सियों का इस्तेमाल करके छत को सहारा देने की कोशिश की. एक मेहमान ने इस पूरे नजारे को डरावना होने के साथ थोड़ा मजेदार भी बताया. यानी माहौल में डर भी था और ऐसी स्थिति देखकर लोगों को हैरानी भी हो रही थी.
शादी का वेन्यू बन गया 'स्टॉर्म कंट्रोल रूम'
जिस जगह कुछ देर पहले तक शादी का जश्न चल रहा था, वहां अचानक लोग छत बचाने में जुट गए. कुछ मेहमान कुर्सियां लेकर छत को संभाल रहे थे, तो बाहर तेज बारिश और बड़े-बड़े ओले गिर रहे थे. वेन्यू के बाहर के वीडियो में जमीन पर काफी मात्रा में ओले बिखरे हुए दिखाई दिए. मौसम इतना खराब था कि पूरे इलाके में आपातकालीन सेवाओं को भी बड़ी संख्या में मदद के लिए कॉल मिले. न्यू साउथ वेल्स की इमरजेंसी सर्विसेज को तूफान के दौरान 180 से ज्यादा मदद के अनुरोध मिले.
जश्न के बीच मौसम ने बढ़ाई मुश्किल
शादी में आए मेहमानों ने शायद सोचा भी नहीं होगा कि उन्हें रिसेप्शन के दौरान इस तरह छत को संभालना पड़ेगा. लेकिन तेज तूफान के बीच सभी ने मिलकर हालात संभालने की कोशिश की. सोशल मीडिया पर सामने आया वीडियो अब लोगों का ध्यान खींच रहा है. वीडियो में शादी के खूबसूरत कपड़े पहने मेहमानों का इस तरह कुर्सियां उठाकर छत को सहारा देना किसी फिल्मी सीन जैसा नजर आ रहा है. इस घटना ने यह भी दिखाया कि अचानक खराब हुए मौसम के सामने एक शादी का पूरा कार्यक्रम कितनी जल्दी बदल सकता है.
aajtak.in