शहर के शोर-शराबे और व्यस्त जिंदगी में लोग सुकून के लिए प्रकृति की ओर जाते हैं. और प्रकृति कभी निराश नहीं करती. यहीं शांति है, यहीं सुंदरता है और यहीं असली संगीत है. कई बार प्रकृति ऐसे अद्भुत नजारे दिखाती है कि उन पर यकीन करना मुश्किल हो जाता है.सोशल मीडिया पर ऐसा ही एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें पेड़ की टहनियों पर बैठे हजारों पक्षियों की चहचहाहट सुनाई देती है.
तमिलनाडु के पोलाची के पास स्थित अन्नामलाई टाइगर रिजर्व की तलहटी में एक पेड़ हजारों पक्षियों की आवाज से गूंज उठा. इस खूबसूरत दृश्य का वीडियो आईएएस अधिकारी सुप्रिया साहू ने शेयर किया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया.
हजारों पक्षियों ने बनाया 'नेचर म्यूजिक'
वीडियो में हजारों चेस्टनट-हेडेड बी-ईटर पक्षी एक पेड़ पर बैठे नजर आते हैं. उनकी एक साथ चहचहाने की आवाज से पूरा माहौल मधुर हो जाता है. ऐसा लगता है जैसे कोई संगीत कार्यक्रम चल रहा हो.सु्प्रिया साहू ने बताया कि ये पक्षी रात में एक साथ इकट्ठा होते हैं. इससे उन्हें सुरक्षा मिलती है. वे लगातार आवाज के जरिए एक-दूसरे से जुड़े रहते हैं और समूह में रहकर बेहतर तरीके से शिकार करते हैं.
उन्होंने यह भी कहा कि ये पक्षी कीड़ों की संख्या को नियंत्रित करके पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में मदद करते हैं. यह एकजुटता की ताकत का अच्छा उदाहरण है.
देखें वीडियो
AI समझ बैठे लोग, मिला जवाब
इस वीडियो को फोटोग्राफर श्रीराम मुरली ने शूट किया है. उन्होंने बताया कि यह उनके लिए प्रकृति का एक खास और दुर्लभ पल था. उनके मुताबिक प्रकृति हर जगह है, बस उसे देखने के लिए नजर चाहिए.वीडियो इतना खूबसूरत है कि कुछ लोगों ने इसे एआई से बना हुआ बताया. इस पर जवाब देते हुए कहा गया कि यह पूरी तरह असली वीडियो है.
पर्यावरण के लिए जरूरी हैं ये पक्षी
चेस्टनट-हेडेड बी-ईटर अपने रंग और सामाजिक व्यवहार के लिए जाने जाते हैं. ये बड़े झुंड में रहते हैं और कीड़ों को खाकर पर्यावरण का संतुलन बनाए रखते हैं.
aajtak.in